Delhi NCR Rain: दिवाली से पहले दिल्ली के कई इलाकों में झमाझम बारिश, प्रदूषण से राहत मिलने के आसार

Delhi NCR Rain: दिवाली से ठीक पहले मौसम ने अचानक करवट ले लिया। दिल्ली, नोएडा से लेकर गाजियाबाद और फरीदाबाद तक मौसम में अचानक बदलाव हुआ है। कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। तापमान में गिरावट आई है। इससे प्रदूषण से दिल्ली वासियों को बड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली के कई इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया था

अपडेटेड Nov 10, 2023 पर 7:32 AM
Delhi NCR Rain: दिल्ली में आज (10 नवंबर 2023) को सुबह 5 बजे 22 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

Delhi NCR Rain: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत आसपास के इलाकों में पिछले कई दिनों से प्रदूषण से हालत बेहद खराब हैं। हवा में घुले जहर की वजह से आसमान में धुंध छाई रहती है। प्रदूषण से राहत देने के लिए सरकार ने तमाम पाबंदियां लागू कर दी हैं। लेकिन इसके बाद भी कोई खास राहत देखने को नहीं मिल रही है। इस बीच दिल्ली वालों को बारिश ने बड़ी राहत दी है। शुक्रवार (10 नवंबर 2023) को सुबह-सुबह दिल्ली-NCR के कई इलाकों में झमाझम हुई। इससे तापमान में गिरावट आई और दिल्ली वासियों को प्रदूषण से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली के बवाना, कंझावला, मुंडाका, जाफरपुर, नजफगढ़, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बारिश हुई। IMD ने कहा कि बहादुरगढ़, गुरुग्राम, मानेसर समेत NCR के कुछ इलाकों में भी बारिश हुई। इसके साथ ही हरियाणा के रोहतक, खरखौदा, मट्टनहेल, झज्जर, फरुखनगर, कोसली के आसपास के इलाकों में भी बारिश होने के आसार है।


दिल्ली में बढ़ सकती है ठंड

मौसम विभाग के मुताबिक, 11 और 12 नवंबर को ठंडी हवाएं चलेंगी। इनकी गति 5 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। वहीं गुरुवार को अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री रहा। यह भी सामान्य से एक डिग्री अधिक है। हवा में नमी का स्तर 58 से 88 प्रतिशत रहा। आज (10 नवंबर 2023) भी बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री तक रह सकता है। इसके बाद 11 नवंबर से मौसम साफ हो जाएगा। 11 नवंबर को हल्का कोहरा रहेगा। अधिकतम तापमान गिरकर 28 डिग्री तक जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रह सकता है।

Telangana Polls: दुर्घटना में बाल-बाल बचे तेलंगाना के मंत्री KTR, चुनाव प्रचार के दौरान खुले वैन से नीचे गिरे, देखें वीडियो

12 और 13 नवंबर को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री तक रह सकता है। 14 और 15 नवंबर को कोहरा रह सकता है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तक रह सकता है।

दिल्ली में आज प्रदूषण का हाल

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, दिल्ली में वायु गुणवत्ता 'गंभीर' श्रेणी में बनी हुई है। अशोक विहार में AQI 462, आरके पुरम में 461, पंजाबी बाग में 460 और ITO में 464 है। राजधानी दिल्ली में गुरुवार को 24 घंटे का औसत AQI 437 रहा, जो "गंभीर" श्रेणी में आता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।