Delhi-NCR Weather: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी है। पूरे दिल्ली-NCR और उसके आसपास के इलाकों में अलग-अलग जगहों पर आज तड़के तेज आंधी और गरज के साथ जमकर बारिश (Rainfall) हुई। अप्रैल महीने के शुरुआत में रोजाना सुबह शाम कहीं न कहीं बादलों की हल्की गड़गड़ाहट के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। दिल्ली में हई झमाझम बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव (waterlogging) की समस्या देखने को मिली। वहीं मौसम विभाग ने आज दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज के साथ छीटे पड़ने की संभावना जताई है।
दिल्ली में फरवरी महीने में गर्मी पड़ रही थी। मार्च और अप्रैल का महीना बारिश का अहसास करा रहा है। रोजाना कहीं न कहीं हो रही बारिश से चैत्र के महीने में आषाढ़ जैसा मौसम नजर आ रहा है। बेमौसम हो रही यह बारिश किसानों के लिए बेहद नुकसानदायक है।
इन इलाकों में बारिश के आसार
IMD के अनुसार आज 4 अप्रैल को पूरी दिल्ली और NCR, गन्नौर, महम, तोशाम, रोहतक, भिवानी, बड़ौत, शिकारपुर, खुर्जा के आस-पास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश के साथ गरज के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा किठौर, गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़, सियाना, शिकोहाबाद, बुलंदशहर, अनूपशहर, नरौरा, जट्टरी, अलीगढ़, कासगंज में भी अगले कुछ घंटों में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में आज भी आंधी चल सकती है। आज दिन भर धूप और बादलों का खेल चलता रहेगा। बूंदाबांदी की यह संभावना एक-दो जगहों पर बनी हुई है। इसके बाद बुधवार से मौसम पूरी तरह शुष्क हो जाएगा।
अगर दिल्ली के तापमान की बात की जाए तो तापमान में महज दो से तीन डिग्री का इजाफा होने की ही उम्मीद है। अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आसपास रह सकता है। इसके बाद 5 से 9 अप्रैल तक मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री तक रह सकता है। मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR समेत आसपास के कई इलाकों में कुछ घंटे तेज बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका जताई है।