Delhi Pollution: गैस चैंबर में तब्दील हुई दिल्ली! AQI 400 के पार, जहरीली हवा से बचने के लिए करें ये काम

Delhi Pollution: गुरुवार सुबह दिल्ली में AQI 400 के पार पहुंच गया और विजिबिलिटी भी काफी लो रही। हवा की खराब होती क्वालिटी को देखकर लग रहा है कि दिल्लीवालों के लिए नवंबर महीना काफी मुश्किल रहने वाला है

अपडेटेड Nov 03, 2022 पर 1:36 PM
Delhi Pollution: दिल्ली-NCR में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) का स्तर 'गंभीर' कैटेगरी में है

Delhi-NCR Pollution: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है। दिल्ली-एनसीआर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) का स्तर 'गंभीर' कैटेगरी (AQI Severe Category) में है। इस बीच सेंटर फॉर साइंस एंड एन्वार्यमेंट (CSE) की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने की सबसे बड़ी वजह पराली और गाड़ियां हैं। गुरुवार सुबह दिल्ली में AQI 400 के पार पहुंच गया और विजिबिलिटी भी काफी लो रही। हवा की लगातार खराब होती क्वालिटी को देखकर लग रहा है कि दिल्लीवालों के लिए नवंबर महीना काफी मुश्किल रहने वाला है।

जानकारों के मुताबिक, आने वाले दिन प्रदूषण को लेकर चुनौती भरे होंगे। प्रदूषण को रोकने के सारे प्रयास फेल होते नजर आ रहे हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के डेटा के मुताबिक, आज सुबह 10 बजे दिल्ली में औसतन एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 418 रिकॉर्ड हुआ, जो 'गंभीर' कैटेगरी की हवा है।

AQI 400 के पार


आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार सुबह 10 बजे दिल्ली में ज्यादातर जगहों पर AQI 400 के ऊपर दर्ज किया गया है जो खतरनाक लेवल पर है। वहीं, सुबह साढ़े आठ बजे तक AQI 396, 8 बजे AQI 364 यानी बहुत खराब कैटेगरी और सुबह 7 बजे AQI 408 गंभीर कैटेगरी में दर्ज किया गया। दिल्ली से सटे नोएडा में गुरुवार सुबह AQI 469 रहा।

N95 मास्क पहनने की सलाह

डॉक्टरों ने जहरीली हवा को लेकर दिल्लीवालों को आगाह किया है। डॉक्टरों के मुताबिक, प्रदूषित हवा से बच्चों और वयस्कों दोनों में तत्काल और दीर्घकालिक स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। नोएडा स्थित फोर्टिस अस्पताल के डॉ राहुल शर्मा ने जहरीली हवा से बचने के लिए लोगों को N95 मास्क पहनने की सलाह दी है।

ये भी पढ़ें- Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, 1 और 5 दिसंबर को होगी वोटिंग, हिमाचल के साथ आएंगे नतीजे

डॉ. राहुल ने मनीकंट्रोल से बातचीत में कहा कि प्रदूषण फेफड़ों, त्वचा और आंखों को प्रभावित कर सकता है। दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए हमें सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि N95 मास्क प्रदूषण से सुरक्षा पाने का एक बहुत ही प्रभावी तरीका है।

सर्जिकल या कपड़े के मास्क नहीं करेंगे काम 

कई अन्य डॉक्टरों ने भी घर से बाहर कदम रखते समय N-95 मास्क को अनिवार्य रूप से पहनने की वकालत की है। उन्होंने कहा कि ऐसे खतरनाक प्रदूषण में सर्जिकल या कपड़े के मास्क काम नहीं करेंगे। इसके अलावा एक्सपर्ट ने घर के अंदर एयर प्यूरीफायर का उपयोग करने की सलाह दी है।

प्रदूषण में पराली जलाने की हिस्सेदारी 21% हुई

दिल्ली के PM2.5 प्रदूषण में पराली जलाने की हिस्सेदारी बुधवार को बढ़कर 32 प्रतिशत हो गई, जो अब तक इस साल सबसे अधिक है। पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में वृद्धि और अनुकूल परिवहन-स्तरीय हवा की गति के कारण ऐसा हुआ है। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) ने बुधवार को पंजाब में पराली जलाने की 3,634 घटनाओं की सूचना दी, जो इस साल अब तक का सबसे अधिक है।

पंजाब में मंगलवार को यह संख्या 1,842, सोमवार को 2,131, रविवार को 1,761, शनिवार को 1,898 जबकि शुक्रवार को 2,067 थी। पूर्वानुमान एजेंसी ‘सफर’ ने कहा कि अनुकूल परिवहन-स्तरीय हवा की गति के कारण दिल्ली के PM2.5 प्रदूषण में पराली जलाने की हिस्सेदारी बढ़कर 32 प्रतिशत हो गई।

वायु गुणवत्ता और मौसम पूर्वानुमान एवं अनुसंधान प्रणाली (सफर) के अनुसार मंगलवार को दिल्ली के PM2.5 प्रदूषण में पराली जलाने की हिस्सेदारी 14 प्रतिशत थी। वहीं सोमवार को यह 22 प्रतिशत, रविवार को 26 फीसदी, जबकि शनिवार को यह 21 फीसदी थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।