दिल्ली-NCR की आज (25 जुलाई 2024) भी सुबह की शुरुआत कल की तरह झमाझम बारिश से हुई। कई इलाकों में भारी बारिश हुई है। जिससे दिल्ली वासियों से उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है। बुधवार को भी दिन भर हल्की बारिश होती रही। आज गुरुवार को भी राजधानी में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से कई इलाकों में जलभराव की समस्या देखने को मिली है। इससे बहुत से लोगों ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा है। आसमान में हल्के बादल छाए हुए हैं। साथ ही बारिश भी हो रही है।
मौसम विभाग (India Meteorological Department -IMD) ने आज के लिए भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और आसपास के इलाकों में अगले कुछ घंटों में हल्की से मध्यम बारिश और बूंदाबांदी का दौर जारी रहेगा।
दिल्ली में कल से हो रही है झमाझम बारिश
कल (24 जुलाई 2024) राजधानी में लोगों की सुबह झमाझम बारिश के साथ हुई। इससे मौसम सुहावना हो गया है। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। कई इलाकों में तेज बारिश तो कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई। बारिश से दिनभर सड़के और गलियां भीगी-भीगी रहीं। उत्तर-पश्चिम और पश्चिमी दिल्ली में सबसे- ज्यादा बारिश हुई। बुधवार को सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटों में पूसा मौसम केंद्र पर 80 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद इसी अवधि में पीतमपुरा स्टेशन पर 73 मिमी बारिश दर्ज की गई। सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच पूसा स्टेशन पर 7 मिमी बारिश दर्ज की गई। उत्तर, मध्य और दक्षिण दिल्ली के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश दर्ज की गई। नरेला स्टेशन पर 34 मिमी बारिश दर्ज की गई।
दिल्ली में आज कितना रहेगा तापमान?
दिल्ली में आज (25 जुलाई 2024) अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक कल लोधी रोड इलाका सर्वाधिक गर्म रहा। यहां अधिकतम 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं, रिज में 33.6, आया नगर में 32.8 और पालम में 32.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया। सबसे कम न्यूनतम तापमान रिज में 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
संतोषजनक श्रेणी में दिल्ली की हवा
राजधानी में बारिश होने के बाद आबोहवा संतोषजनक श्रेणी में बरकरार है। बुधवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 97 रहा, जोकि संतोषजनक श्रेणी में है। कई इलाकों में एक्यूआई 100 के पार दर्ज किया। सीपीसीबी के अनुसार एनसीआर में नोएडा का सबसे कम वायु गुणवत्ता सूचकांक दर्ज किया। यहां एक्यूआई 76 रहा, यह संतोषजनक श्रेणी है। गुरुग्राम में 88, गाजियाबाद में 87, फरीदाबाद में 118 व ग्रेटर नोएडा में 134 एक्यूआई दर्ज किया।