
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगे कोरोना लॉकडाउन अब यह रंग लाता दिख रहा है। दिल्ली में गुरुवार को कोरोना वायरस के 3,231 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, इस दौरान 233 लोगों की जान चली गई। राष्ट्रीय राजधानी में अब पॉजिटिविटी रेट घटकर 5.50 फीसदी पर आ गई है। बता दें कि दिल्ली में लगातार मामले घट रहे हैं। बुधवार को कोरोना वायरस के 3,846 नए मामले सामने आए थे। यह पांच अप्रैल के बाद पहला मौका था जब राजधानी में कोरोना के इतने कम मामले दर्ज किए गए हों।
दिल्ली में नए केस के दोगुने से ज्यादा लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। बीते 24 घंटे के अंदर दिल्ली में 7,831 लोगों ने कोरोना को मात दी है। हालांकि, दिल्ली में कोरोना से मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राजधानी में अब तक 14,09,950 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं। इनमें से 13,47,157 मरीज ठीक हो चुके हैं और 22,579 मरीजों की जान जा चुकी है। इस समय 40,214 मरीजों का इलाज चल रहा है।
राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 के दैनिक मामलों में लगातार गिरावट के बीच, अस्पतालों में खाली बिस्तरों की संख्या फिर से बढ़ने लगी है, जिससे कोरोना वायरस रोगियों और उनके परिवारों को कुछ राहत मिली है।
दिल्ली कोरोना ऐप के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 11 बजे तक सरकारी और निजी अस्पतालों में कुल 27,726 बेड में से 13,791 बेड उपलब्ध था। लगभग कुछ हफ्ते पहले, महामारी की दूसरी लहर के सबसे बुरे दौर के बीच में जब मामलों में तेजी से वृद्धि हुई थी, ऑक्सीजन की आपूर्ति वाले बेड, आईसीयू बेड और वेंटिलेटर वाले आईसीयू बेड की भारी कमी थी।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।