दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने बुधवार को राजधानी में फ्री राशन (Free Ration Scheme) देने की योजना को 30 सितंबर तक बढ़ाने का ऐलान किया है। अरविंद केजरीवाल की अगुआई में बुधवार को दिल्ली सरकार के कैबिनेट की बैठक हुई, जिस दौरान यह फैसला लिया गया। केजरीवाल के मुताबिक, इस कदम से करीब 73 लाख लोगों को फायदा होगा।
केजरीवाल ने बताया कि उनकी सरकार ने कोरोना महामारी के दौरान लोगों को फ्री राशन देना शुरू किया था और अप्रैल 2020 से अबतक करीब 73 लाख नागरिकों को फ्री राशन दिया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा, "दिल्ली सरकार पिछले दो साल से लोगों को निशुल्क राशन मुहैया करा रही है। सरकार राशन की दुकानों से नाममात्र की दर पर राशन उपलब्ध कराती है।"
कैबिनेट की बैठक के बाद केजरीवाल ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, "हमने इस योजना को 30 सितंबर तक बढ़ा दिया है और आने वाले महीनों में भी फ्री राशन देना जारी रखेंगे।" सरकार ने बाद में एक बयान जारी कर कहा कि बैठक के दौरान, फूड और सिविल सप्लाई डिपार्टमेंट ने NFSA लाभार्थियों के लिए योजना को 4 महीने के लिए यानी जून से सितंबर 2022 तक बढ़ाने का प्रस्ताव दिया।
बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने महामारी के वजह से देश में बढ़ती मंहगाई पर विचार किया और प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि जनता को जरूरी राहत देने के लिए योजना का विस्तार करना सही कदम है। दिल्ली सरकार नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट (NFSA), 2013 के तहत लाभार्थियों को फ्री राशन बांटती है।
स्मार्ट शहरी खेती पहल को दी मंजूरी
इस बीच CM केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली कैबिनेट ने ‘स्मार्ट शहरी खेती पहल’ को मंजूरी दे दी है। इससे पहले साल में आयोजित की जाने वाली 1,000 कार्यशालाओं से लगभग 25,000 परिवारों को फायदा होगा।
"स्मार्ट शहरी खेती पहल के तहत, दिल्ली सरकार लोगों को अपने इस्तेमाल के साथ-साथ व्यापार करने के वास्ते भी फल और सब्जियां उगाने के लिए ट्रेनिंग मुहैया कराएगी। स्मार्ट शहरी खेती पहल दिल्ली में रोजगार पैदा करने के लिए एक अनूठा समाधान बनकर उभरेगी।" केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने राज्य के बजट में शहरी खेती पहल की घोषणा की थी।