इराक के प्रधामंत्री मुस्तफा अल-कदीमी (Mustafa al-Kadhimi) के आवास पर विस्फोटक से भरा ड्रोन हमला हुआ है। यह हमला रविवार सुबह होने की खबर है। हालांकि, इराकी पीएम इस हमले में बाल-बाल बच गए हैं। इस बात की जानकारी स्थानीय न्यूज चैनल अल अरबिया (Al Arabiya) ने दी है।
इराकी सेना ने इसे पीएम की हत्या की कोशिश करना बताया है। सेना ने इस हमले को असफल हमला करार दिया है। न्यूज चैनल के मुताबिक, इस हमले में कुछ लोग घायल हुए हैं। पीएम कदीमी पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
इराक के दो अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि बगदाद में ग्रीन जोन में स्थित पीएम आवास पर हमला किया गया है। जिसमें 7 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए हैं। हमले के तुरंत बाद प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर खुद के सुरक्षित होने की जानकारी दी और कहा कि शांति और धैर्य बनाए रखें।
उन्होंने बताया कि बगदाद स्थित उनके आवास पर विस्फोटकों से भरे ड्रोन से हमला हुआ लेकिन वे सुरक्षित हैं और आप लोगों के बीच में हूं। उन्होंने भगवान का शुक्रिया अदा किया। पीएम ने ट्वीट में देश की जनता से अपील की है कि इराक के लिए शांति बनाए रखें।