WPI Inflation: थोक भाव पर आधारित महंगाई बढ़ने की रफ्तार नवंबर महीने में तीन महीने के निचले स्चर पर आ गई। इसके आंकड़े आज सोमवार 16 दिसंबर को जारी हुए हैं। मिनिस्ट्री ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के बयान के मुताबिक होलसेल प्राइस इंडेक्स (WPI) पर आधारित इनफ्लेशन नवंबर महीने में 1.89 फीसदी पर आ गई जोकि अक्टूबर महीने में 2.36 फीसदी पर थी। इसमें यह गिरावट खाने वाली चीजों खासतौर से सब्जियों के भाव कम होने के चलते आई। पिछले साल नवंबर महीने में यह 0.39 फीसदी पर थी। खुदरा महंगाई दर की बात करें तो इसके आंकड़े 12 दिसंबर को आए थे और इसके मुताबिक नवंबर में खुदरा महंगाई की दर घटकर 5.48 फीसदी रही, जो इससे पहले अक्टूबर में 6.21 फीसदी रही थी।
खाने वाली चीजों के भाव गिरने से मिली राहत
सरकार की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले महीने नवंबर में फूड आइटम्स के भाव बढ़ने की रफ्तार अक्टूबर में 13.54 फीसदी से गिरकर 8.63 फीसदी पर आ गई। इसमें यह गिरावट सब्जियों का इनफ्लेशन 63.04 फीसदी से गिरकर 28.57 फीसदी पर आने के चलते आई। हालांकि आलू के भाव ने परेशान किया और इसका इनफ्लेशन उछलकर 82.79 फीसदी पर पहुंच गया लेकिन प्याज के मामले में यह गिरकर 2.85 फीसदी पर आ गया। तेल और पावर कैटेगरी की बात करें तो इनमें डिफ्लेशन की स्थिति बनी रही और अक्टूबर में 5.79 फीसदी के मुकाबले नवंबर में यह 5.83 फीसदी पर रही। मैनुफैक्चर्ड आइटम्स का इनफ्लेशन इस दौरान 1.50 फीसदी से बढ़कर 2 फीसदी पर पहुंच गया।
खुदरा महंगाई में भी मिली राहत
पिछले हफ्ते रिटेल इनफ्लेशन के आंकड़े आए थे। कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) पर आधारित रिटेल इनफ्लेशन अक्टूबर में 6.21 फीसदी से घटकर नवंबर महीने में 5.48 फीसदी पर आ गया। हालांकि यह लगातार तीसरा महीना रहा जब रिटेल इनफ्लेशन 5 फीसदी से ऊपर बना रहा जबकि सरकार ने आरबीआई को महंगाई दर को 2-4 फीसदी की रेंज में रखने का टारगेट दिया हुआ है। खाने-पीने की चीजों की कीमतों में गिरावट के चलते ही रिटेल इनफ्लेशन में नरमी आई थी। नवंबर महीने में फूड इनफ्लेशन घटकर 10.9 फीसदी से 9 फीसदी पर आ गया।