GST Collection : 2023 के आखिरी महीने यानी दिसंबर में भारत सरकार का गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) कलेक्शन सालाना आधार पर 10 फीसदी बढ़ा है। बीते दिसंबर महीने में यह बढ़कर 1.65 लाख करोड़ रुपये हो गया। हालांकि, दिसंबर का GST कलेक्शन नवंबर में एकत्र 1.68 लाख करोड़ रुपये से 2 फीसदी कम है। वित्त मंत्रालय ने आज 1 जनवरी को ये आंकड़े जारी किए हैं। यह लगातार दसवां महीना है जब मंथली जीएसटी कलेक्शन 1.5 लाख करोड़ रुपये से ऊपर रहा।
दिसंबर में सेंट्रल जीएसटी 30,443 करोड़ रुपये, स्टेट जीएसटी 37,935 करोड़ रुपये, इंटीग्रेटेड जीएसटी 84,255 करोड़ रुपये और सेस 12,249 करोड़ रुपये रहा। इसके अलावा, सरकार ने इंटीग्रेटेड जीएसटी से सेंट्रल जीएसटी को 40,057 करोड़ रुपये और स्टेट जीएसटी को 33,652 करोड़ रुपये का सेटलमेंट किया। इसके चलते सेटलमेंट के बाद महीने का कुल रेवेन्यू केंद्र के लिए 70,501 करोड़ रुपये और स्टेट जीएसटी के लिए 71,587 करोड़ रुपये रहा।
मंथली GST कलेक्शन में बढ़ोतरी
लेटेस्ट जीएसटी डेटा के साथ 2023-24 में एवरेज मंथली कलेक्शन 1.66 लाख करोड़ रुपये हो गया है। पिछले कुछ सालों में मंथली जीएसटी कलेक्शन में बढ़ोतरी हुई है। 2017-18 में हर महीने औसतन 1 लाख करोड़ रुपये से कम का कलेक्शन होता था। हालांकि महामारी से प्रभावित 20202-21 के बाद कलेक्शन तेजी से बढ़कर 2022-23 में औसतन 1.51 लाख करोड़ रुपये हो गया।
वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "अप्रैल-दिसंबर 2023 की अवधि के दौरान ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन में सालाना 12 फीसदी की मजबूत वृद्धि देखी गई, जो 14.97 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में 13.40 लाख करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ था।"
इसमें आगे कहा गया है, "इस साल पहले 9 महीने की अवधि में 1.66 लाख करोड़ रुपये का एवरेज मंथली ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन FY23 की इसी अवधि में दर्ज किए गए 1.49 लाख करोड़ रुपये के औसत की तुलना में 12 फीसदी अधिक है।"