Himachal Budget 2022: CM ने बुजुर्गों-महिलाओं की पेंशन बढ़ाने का किया ऐलान, 3 फ्री सिलिंडर और 30 हजार रोजगार का वादा
Himachal Budget 2022: बीजेपी शासित हिमाचल प्रदेश की सरकार ने शुक्रवार को अगले वित्त वर्ष के लिए अपना बजट पेश किया, इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने बजट भाषण में कई बड़े ऐलान किए
Himachal Pradesh Budget: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों के लिए पेंशन बढ़ाने का किया ऐलान
Himachal Pradesh Budget 2022-23: बीजेपी शासित हिमाचल प्रदेश की सरकार ने शुक्रवार को अगले वित्त वर्ष के लिए अपना बजट पेश किया। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने बजट भाषण में समाज के विभिन्न वर्गों, सरकारी कर्मचारियों और यहां तक की राज्य के विधायकों के लिए भी कई बड़े ऐलान किया। हालांकि मुख्यमंत्री ने बजट में पुरानी पेंशन स्कीम को लेकर कोई घोषणा नहीं की, जिससे राज्य के सरकारी कर्मचारियों में थोड़ी निराशा दिखी।
बुजुर्गों को बढ़ाया पेंशन
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के बजट भाषण का सबसे बड़ा ऐलान बुजुर्गों और महिलाओं को मिलने वाले पेंशन में बढ़ोतरी का ऐलान रहा। जयराम ठाकुर ने कहा कि अगले वित्त वर्ष से हिमाचल में बुजुर्गों को 1,500 की जगह अब 1,700 रुपये की मासिक पेंशन मिलेगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने वृद्धापेंशन की आयुसीमा भी 70 साल से घटाकर 60 साल करने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे राज्य में 40 हजार अधिक बुजुर्गों को पेंशन मिलेगी।
महिलाओं, दिव्यागों की भी बढ़ी पेंशन
जयराम ठाकुर ने इसके अलावा 70 फीसदी से अधिक दिव्यांग व्यक्तियों को भी 1,700 रुपये की पेंशन देने का ऐलान किया। 70 फीसदी से कम दिव्यांग व्यक्तियों को 11,50 रुपये की पेंशन दी जाएगी। वहीं विधवाओं, एकल महिलाओं के लिए भी पेंशन राशि 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,150 रुपये कर दी गई।
हिमाचल सरकार के अन्य बड़े ऐलानों की बात करें तो सरकार ने दूध का खरीद दाम 2 रुपये बढ़ाने का ऐलान किया है। इसके गाय-भैंस पालने वाले किसानों को फायदा मिलने की उम्मीद है। सरकार ने कृषि सेक्टर पर अलग बजट वर्ष में 583 करोड़ रुपये खर्च के प्रावधान किया है।
विधायक निधि बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये की
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बजट में राज्य के विधायकों के लिए एक बड़ा ऐलान करते हुए विधायक क्षेत्र विकास निधि की राशि बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये कर दी। इसके अलावा उन्होंने विधायक निधि में रोपवे को शामिल करने का ऐलान किया, जबकि अभी तक विधायकों को अपनी निधि से पेयजल, सिंचाई, सीवरजे, सड़क और पुल पर ही खर्च की इजाजत थी।
महिलाओं को मिलेंगे तीन फ्री सिलिंडर
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान करते हुए उन्हें साल में तीन बार फ्री रसोई गैस सिंलिडर देने का ऐलान किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कुपोषण से बच्चों को मुक्त करने के लिए मुख्यमंत्री बाल पोषण योजना शुरू करने का भी ऐलान किया। इस योजना पर 65 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलाव 32 करोड़ रुपये की राशि से राज्य में 1000 नए आंगनबाड़ी भवन बनाने का भी ऐलान किया गया है।
ग्राम प्रधान से लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष तक का मानदेय बढ़ा
हिमाचल सरकार ने पंचायत सदस्यों के मानदेय बढ़ाने का भी ऐलान किया। सरकार ने बताया कि अब जिला परिषद अध्यक्ष को अब प्रत्येक बैठक के लिए 10,000 रुपये, जिला परिषद सदस्य को 6000, पंचायत समिति अध्यक्ष को 9000, पंचायत समिति उपाध्यक्ष को 6550, पंचायत समिति सदस्य को 5550, ग्राम प्रधान पंचायत को 5550 रुपये, उप ग्राम प्रधान पंचायत को 3500 रुपये मानदेय और ग्राम पंचायत सदस्य को प्रति बैठक अब 300 रुपये मिलेंगे।
कर्मचारियों को बढ़ा मानदेय
हिमाचल सरकार ने बजट के दौरान विभिन्न कर्मचारियों की मानदेय बढ़ाने का ऐलान किया। सरकार ने कहा कि आंगनाबाड़ी कार्यकताओं को अब 9000 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। मिनी आंगनाबाड़ी कार्यकताओं को 6100 रुपये प्रतिमाह, आंगनाबाड़ी सहायिका को 4700 रुपये प्रतिमाह, आशा वर्कर्स को 4700 रुपये प्रतिमाह, सिलाई अध्यापिकाओं को 7950 रुपये प्रतिमाह, मिड डे मील वर्कर्स को 3500 रुपये प्रतिमाह, वाटर कैरियर शिक्षा विभाग 3900 रुपये, जल रक्षक को 4500 रुपये प्रतिमाह, जलशक्ति मल्टी पर्पज वर्कर्स 3900 रुपये, पैरा फिटर और पंप ऑपरेटर को 5550 रुपये मानदेय मिलेगा। इसके अलावा आउटसोर्स को अब न्यूनतम 10500 प्रति माह मिलेंगे।
30 हजार नौकरियां देगी सरकार
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अगले वित्त वर्ष में 30 हजार नई नौकरियों को देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार में खाली विभिन्न सरकारी पदों के लिए भर्तियां निकाली जाएंगी। साथ ही उन्होंने सशस्त्र बलों के शहीद और विकलांग हुए जवानों के बच्चों को दी जा रही छात्रवृत्ति को 1500 रुपये करने की घोषणा की।