ED Raids: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के निजी सचिव बिभव कुमार (Bibhav Kumar) और आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े कुछ अन्य लोगों के परिसरों की तलाशी ली। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि छापेमारी के तहत राष्ट्रीय राजधानी के करीब 10 ठिकानों की तलाशी ली जा रही है। केंद्रीय एजेंसी के अधिकारी, बिभव कुमार और दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व सदस्य शलभ कुमार के अलावा कुछ अन्य लोगों के परिसरों की तलाशी ले रहे हैं।
सूत्रों ने बताया कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेताओं के ठिकानों पर ED ने छापा मारा है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य और कोषाध्यक्ष एनडी गुप्ता के घर भी छापेमारी चल रही है। बता दें कि दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी मंगलवार सुबह 10 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाली थीं। इससे पहले पार्टी नेताओं के खिलाफ ED का बड़ा ऐक्शन देखने को मिला है।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दिल्ली जल बोर्ड की टेंडरिंग प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है। ED दो मामलों केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और दिल्ली सरकार की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ACB) की FIR के आधार पर DJB की टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही है।
CBI मामले में आरोप लगाया गया कि DJB के अधिकारियों ने बिजली मीटर की आपूर्ति, स्थापना, टेस्ट और कमीशनिंग के लिए टेंडर देते समय एक फर्म को "अनुचित लाभ" दिया। यह आरोप लगाया गया था कि कंपनी को 38 करोड़ रुपये के अवैध ठेके दिए गए थे। हालांकि यह तकनीकी मानदंडों को पूरा नहीं करती थी और जाली दस्तावेज जमा करके बोली प्राप्त की थी। ED की कार्रवाई ऐसे दिन हुई है जब दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने एक दिन पहले कहा था कि वह एजेंसी पर "विस्फोटक खुलासा" करेंगी।
ED की छापेमारी पर AAP नेता और दिल्ली की मंत्री आतिशी ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "AAP नेताओं और AAP से जुड़े लोगों के खिलाफ ED की छापेमारी चल रही है। AAP कोषाध्यक्ष और सांसद एनडी गुप्ता, अरविंद केजरीवाल के पीए और अन्य के आवास पर छापेमारी चल रही है। भाजपा केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से हमारी पार्टी को दबाना चाहती है लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि हम डरेंगे नहीं।"