Bihar Police Recruitment 2022-23: बिहार पुलिस (Bihar Police) में सरकारी नौकरी (Sarkari Naukri) की तलाश कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका है। बिहार पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती (Bihar Police Constable Recruitment) या बिहार पुलिस एसआई भर्ती (Bihar Police SI Recruitment) की तैयारी में जुटे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। दरअसल, बिहार की नीतीश कुमार सरकार पुलिस विभाग में बंबर नौकरी देने जा रही है। बिहार पुलिस में जल्द ही 75,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की सीधी भर्ती की जाएगी। इस संबंध में बिहार के उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने आधिकारिक तौर पर जानकारी दी है।
बिहार पुलिस बंपर भर्ती को लेकर जानकारी साझा करते हुए डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने बताया कि जल्द ही राज्य पुलिस में 75,543 पदों पर पुलिसकर्मियों की सीधी भर्ती की जाएगी। तेजस्वी यादव ने मंगलवार को एक ट्वीट में लिखा, "युवाओं के लिए खुशखबरी, बिहार पुलिस में बंपर बहाली। बिहार पुलिस के सुदृढ़ीकरण एवं जनसंख्या के अनुपात में आवश्यकता आधारित नियुक्ति करने हेतु 75,543 पदों पर पुलिसकर्मियों की सीधी भर्ती होगी।"
हिंदुस्तान टाइम्स के रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को हुई बिहार कैबिनेट (Bihar Cabinet) की बैठक में कुल 13 एजेंडों पर मुहर लगी। इसमें कुल 75,543 पदों पर पुलिसकर्मियों की बहाली के लिए मुहर भी लगी। बढ़ती जनसंख्या के मद्देनजर सीधी नियुक्ति के 48,447 पद एवं द्वितीय चरण के 19,288 पद समेत कुल 67,735 पदों के सृजन की स्वीकृति दी गई है।
कैबिनेट के फैसलों के बारे में मीडियाकर्मियों को जानकारी देते हुए अतिरिक्त मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ ने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण डायल 112 के प्रथम चरण के लिए पुलिस संवर्ग एवं गैर पुलिस संवर्ग के कुल 7,808 पदों के सृजन की स्वीकृति दी गई है।
साथ ही प्रति एक लाख की आबादी को पुलिस की संख्या बढ़ाने को लेकर सरकार काम कर रही है। इस तरह बिहार कैबिनेट ने मंगलवार को हुई बैठक में डायल 112 मिलाकर 75 हजार से अधिक नए पदों की स्वीकृति दी है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने 27 फरवरी, 2022 को बिहार पुलिस के एक समारोह के दौरान कहा था कि राज्य सरकार राज्य में पुलिसकर्मियों की संख्या 165 से बढ़ाकर 170 प्रति एक लाख जनसंख्या पर करने का लक्ष्य बना रही है।
गौरतलब है कि भारत में प्रति लाख व्यक्ति पर पुलिसकर्मियों की स्वीकृत संख्या 195.39 है, जबकि वास्तविक संख्या 155.78 है। वहीं, बिहार में अब भी प्रति एक लाख की आबादी पर महज 100 पुलिसकर्मी हैं।