CBSE Board Exam: 15 फरवरी से शुरू होंगी 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं, सीबीएसई ने किया ऐलान

CBSE Board Exam Datesheet: देर रात जारी अधिसूचना में CBSE ने कहा कि कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 18 मार्च को समाप्त होंगी, जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 4 अप्रैल 2025 को समाप्त होंगी। ऐसा पहली बार हुआ है जब बोर्ड द्वारा डेटशीट कम से कम 86 दिन पहले जारी की गई है

अपडेटेड Nov 20, 2024 पर 11:05 PM
Story continues below Advertisement
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने बुधवार को घोषणा की कि कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू होंगी।

CBSE Board Exam Datesheet: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने बुधवार को घोषणा की कि कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू होंगी। देर रात जारी अधिसूचना में बोर्ड ने कहा कि कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 18 मार्च को समाप्त होंगी, जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 4 अप्रैल 2025 को समाप्त होंगी। ऐसा पहली बार हुआ है जब बोर्ड द्वारा डेटशीट कम से कम 86 दिन पहले जारी की गई है। जारी शेड्यूल के अनुसार, सीबीएसई कक्षा 10वीं की पहली परीक्षा अंग्रेजी की होगी। वहीं, कक्षा 12वीं की पहली परीक्षा 15 फरवरी को आंत्रप्रेन्योरशिप की होगी।

सीबीएसई परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने कहा, "दो विषयों के बीच पर्याप्त अंतराल दिया गया है। डेटशीट कम से कम 40,000 सबजेक्ट कॉम्बिनेशन को ध्यान में रखकर तैयार की गई है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि एक छात्र द्वारा चुने गए दो विषय एक ही तारीख पर न हों।"

CBSE Board Exam की टाइमिंग


बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in से डेटशीट देख और डाउनलोड कर सकते हैं। सीबीएसई ने दावा किया है कि इस साल करीब 44 लाख छात्र 10वीं और 12वीं की परीक्षा देंगे। 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं सुबह की पाली में होंगी। ज्यादातर पेपर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और कुछ सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित किए जाएंगे।

CBSE Board Exam में सभी परीक्षा हॉल में होंगे CCTV

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 27 सितंबर को स्कूलों को यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया कि सभी परीक्षा हॉल में सीसीटीवी लगे हों। सभी स्कूलों के प्रिंसिपलों और संस्थानों के प्रमुखों को एक अधिसूचना जारी करते हुए कहा गया है कि कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाएं केवल उस कमरे में आयोजित की जाएंगी जहां सीसीटीवी की सुविधा उपलब्ध होगी।

इसमें यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि किसी स्कूल में कोई निश्चित कैमरा नहीं है, तो उन्हें छात्रों के लिए परीक्षा स्थल का हिस्सा नहीं माना जाएगा। पॉलिसी 2025 की परीक्षा में लागू की जाएगी। बोर्ड ने एक सीसीटीवी पॉलिसी तैयार की है, जिसके तहत शैक्षणिक संस्थानों को हाई-रिज़ॉल्यूशन वाले कैमरे लगाने के लिए कहा गया है, जहां छात्रों की गतिविधियां और परीक्षा सामग्री आसानी से दिखाई दे।

पिछले साल, कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाएं 15, 16, 17, 19, 20, 21, 22, 23, 24, 28, 29 फरवरी, 1, 4, 5, 6, 7, 9, 11, 12, 13, 14, 15, 16, 18, 19, 20, 22, 23, 26, 27, 28, 30 मार्च, 1 और 2 अप्रैल को हुई थीं। जबकि, कक्षा 10 की परीक्षाएं 15, 16, 17, 19, 20, 21, 23, 24, 26, 28 फरवरी, 2, 4, 5, 7, 11 और 13 मार्च को आयोजित की गई थीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।