CUET-UG 2024: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NDA) ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET)- अंडरग्रेजुएट (UG) के लिए आवेदन पत्र जमा करने की डेडलाइन बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के अध्यक्ष एम. जगदीश कुमार ने मंगलवार (26 मार्च) को बताया कि CUET-UG के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 31 मार्च तक बढ़ा दी गई है। पहले यह समय सीमा आज यानी मंगलवार (26 मार्च) रात 11 बजे तक थी।
जिन उम्मीदवारों ने अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है वे https://exams.nta.ac.in/CUET-UG/ पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। कुमार ने कहा, "अभ्यर्थियों और अन्य से प्राप्त अनुरोध के आधार पर सीयूईटी-यूजी- 2024 के लिए आवेदन पत्र ऑनलाइन जमा करने की समय सीमा 31 मार्च 2024 को रात 9:50 बजे तक बढ़ा दी गई है।" इसकी परीक्षा 15 से 31 मई तक आयोजित होनी है।
देशभर के केंद्रीय, राज्य, डीम्ड और निजी विश्वविद्यालयों में एडमिशन प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए 2022 में यह परीक्षा शुरू की गई थी। परंपरा से अलग हटते हुए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने CUET-UG 2024 के लिए एक हाइब्रिड एग्जाम फॉर्मेट की रूपरेखा तैयार की है, जिसमें विभिन्न विषयों के लिए कंप्यूटर-आधारित परीक्षा और पेन-एंड-पेपर मोड दोनों शामिल हैं।
अधिकारियों ने संकेत दिया है कि हाई रजिस्ट्रेशन वाले विषयों में ऑप्टिकल मार्क रिकग्निशन का उपयोग करके पेन-एंड-पेपर प्रारूप अपनाया जाएगा जबकि अन्य कंप्यूटर-आधारित रहेंगे। पिछले चक्र में सीयूईटी-अंडरग्रेजुएट के लिए लगभग 14.9 लाख रजिस्ट्रेशन दर्ज किए गए थे, जो हाई एजुकेशन में इसके महत्व को दर्शाता है।
13 भाषाओं में होंगे एग्जाम
अंडरग्रेजुएट कोर्सेज में नामांकन के लिए परीक्षा 13 भाषाओं अंग्रेजी, हिंदी, असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, उड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू में 380 शहरों में आयोजित की जाएगी, जिसमें विदेश के 26 शहर भी शामिल हैं। पहले जहां उम्मीदवार अधिकतम 10 विषयों का चयन कर सकते थे, वहीं अब छात्रों को अधिकतम 6 विषयों का चयन करने की अनुमति है।