School Holidays: दिल्ली में अब 15 जनवरी को खुलेंगे स्कूल, शीत लहर के कारण विंटर वेकेशन आगे बढ़ाया गया

School Holidays: कंपकपा देने वाली सर्दी के कारण दिल्ली नगर निगम (MCD) द्वारा संचालित और इससे सहायता एवं मान्यता प्राप्त सभी स्कूल अगले 5 दिनों के लिए बंद रहेंगे। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसतन तापमान से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है

अपडेटेड Jan 07, 2024 पर 8:12 PM
Cold wave in Delhi: राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

School Winter Vacation: राष्ट्रीय राजधानी में शीतलहर की स्थिति को देखते हुए दिल्ली के सभी स्कूलों में छात्रों के लिए विंटर वेकेशन (Delhi Winter Vacation 2024 Extended) 12 जनवरी तक बढ़ा दिया गया है। कंपकपा देने वाली सर्दी के कारण दिल्ली नगर निगम (MCD) द्वारा संचालित और इससे सहायता एवं मान्यता प्राप्त सभी स्कूल अगले 5 दिनों के लिए बंद रहेंगे। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसतन तापमान से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है।

इससे पहले, रविवार 7 जनवरी तक विंटर वेकेशन के बाद स्कूल सोमवार (8 जनवरी) को फिर से शुरू होने वाले थे। दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने X पर एक पोस्ट में कहा, "ठंड के मौजूदा प्रकोप के कारण दिल्ली में नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए स्कूल अगले पांच दिन तक बंद रहेंगे।"

शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी एक परिपत्र में कहा गया कि स्कूल प्राथमिक कक्षाओं के अपने छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं आयोजित कर सकते हैं। आदेश में कहा गया, "मौजूदा मौसम के मद्देनजर अगले पांच दिन तक किसी भी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में प्राथमिक वर्गों (नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक) के लिए प्रत्यक्ष रूप से कोई कक्षाएं नहीं होंगी। जहां तक संभव हो, स्कूल प्राथमिक कक्षाओं के छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं आयोजित कर सकते हैं।"


15 को खुलेंगे स्कूल

निदेशालय ने कहा कि 13 जनवरी और 14 जनवरी को क्रमशः दूसरा शनिवार और रविवार है, ऐसे में प्राथमिक कक्षाओं के छात्र 15 जनवरी को स्कूल आएंगे। आदेश में आगे कहा गया, "8 जनवरी से अन्य सभी कक्षाओं (6वीं से 12वीं) के लिए स्कूल खुले रहेंगे। हालांकि, मौसम की स्थिति को देखते हुए कोई भी स्कूल सुबह 8 बजे से पहले शुरू नहीं होगा और शाम 5 बजे के बाद क्लासेस आयोजित नहीं होंगी।"

ये भी पढ़ें- Ram Mandir: राम मंदिर 'थीम' वाली साड़ियों की बढ़ी मांग! US से भी मिल रहे ऑर्डर, साड़ी बुनकरों में उत्साह

बता दें कि राजधानी दिल्ली इस समय शीतलहर की चपेट में है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों में घने कोहरे, हल्की बारिश और तापमान में गिरावट का अनुमान जताया है। IMD ने रविवार को एक बयान में कहा कि आने वाले सप्ताह में हल्के से मध्यम कोहरा रहेगा। वहीं, 9 जनवरी को बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।