Kota News: कोटा में 4 घंटे के भीतर दो छात्रों ने की खुदकुशी, कोचिंग सेंटरों में दो महीने तक रूटीन टेस्ट पर लगी रोक

Kota Students Suicide case: 27 अगस्त को चार घंटे के अंदर एक ही दिन में दो छात्रों ने खुदकुशी कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। दोनों ही छात्र NEET की तैयारी कर रहे थे। इसके साथ ही इस साल कुल मरने वालों की संख्या 22 हो गई है। जिला प्रशासन ने कोटा के कोचिंग सेंटरों में होने वाली परीक्षाओं और टेस्ट पर फिलहाल दो महीने तक के लिए रोक लगाने का फैसला किया है

अपडेटेड Aug 28, 2023 पर 11:54 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Kota Students Suicide: रविवार को चार घंटे के भीतर दो छात्रों ने अपनी जान ले ली

कोचिंग का केंद्र कहे जाने वाले राजस्थान के कोटा में छात्रों की आत्महत्या (Kota Students Suicide) का मामले थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार 27 अगस्त को चार घंटे के अंदर एक ही दिन में दो छात्रों ने खुदकुशी कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। दोनों ही छात्र NEET की तैयारी कर रहे थे। इसके साथ ही इस साल कुल मरने वालों की संख्या 22 हो गई है। एक साथ दो छात्रों के खुदकुशी से जिले में हड़कंप मच गया है। इस बीच जिला प्रशासन ने कोटा के कोचिंग सेंटरों में होने वाली परीक्षाओं और टेस्ट पर फिलहाल दो महीने तक के लिए रोक लगाने का फैसला किया है।

कोटा जिला प्रशासन ने कई छात्रों की आत्महत्या के मद्देनजर कोचिंग संस्थानों से अगले दो महीने तक नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के नियमित टेस्ट नहीं कराने को कहा है। इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिले के लिए आयोजित ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (JEE) और मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के वास्ते होने वाली नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए देशभर से हर साल दो लाख छात्र-छात्राएं कोटा आते हैं।

इस साल 22 छात्रों ने की खुदकुशी


अधिकारियों के अनुसार, 2023 में अभी तक जिले में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयार कर रहे 22 छात्र-छात्राओं ने आत्महत्या की है, जो किसी भी साल में खुदकुशी के सबसे अधिक मामले हैं। पिछले साल यह आंकड़ा 15 था।

रविवार को चार घंटे के भीतर दो छात्रों ने अपनी जान ले ली। पुलिस के मुताबिक, अविष्कार संभाजी कासले (17) ने रविवार दोपहर करीब 3.15 बजे जवाहर नगर में अपने कोचिंग संस्थान की इमारत की छठी मंजिल से छलांग लगा दी। कासले ने कुछ मिनट पहले ही कोचिंग संस्थान की तीसरी मंजिल पर एक परीक्षा दी थी।

पुलिस के अनुसार, कासले की मौत के चार घंटे बाद NEET की ही तैयारी कर रहे आदर्श राज (18) ने शाम करीब सात बजे कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र स्थित अपने किराये के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

ये भी पढ़ें- Rozgar Mela 2023: 51,000 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, पीएम मोदी ने सौंपा ज्वाइनिंग लेटर

दोनों छात्रों के आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठाने के पीछे की वजह कोचिंग संस्थानों द्वारा लिए जाने वाले नियमित टेस्ट के दौरान कम अंक पाने के कारण अभ्यर्थियों का दबाव में होना बताया जा रहा है।

कोटा के जिलाधीश ओपी बंकर ने रविवार रात जारी एक आदेश में कोचिंग संस्थानों से अगले दो महीने के लिए नियमित टेस्ट पर रोक लगाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि छात्रों को मानसिक सहयोग देने के लिए यह निर्देश जारी किया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।