Rozgar Mela 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने सोमवार 28 अगस्त को रोजगार मेले के तहत 51,000 से ज्यादा युवाओं को ज्वाइनिंग लेटर सौंप दिए। रोजगार मेला देश में 45 जगहों पर आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान PM मोदी ने युवाओं को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित भी किया। इससे पहले पीएम मोदी ने 22 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 70,000 से अधिक अप्वाइंटमेंट लेटर बांटे थे। इस मौके पर PM मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत जल्द टॉप-3 अर्थव्यवस्था में शामिल होगा। देश के हर युवा का सपना है कि वो देश का प्रहरी बने।
इस रोजगार मेले में केंद्रीय गृह मंत्रालय केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), सीमा सुरक्षा बल (BSF), सशस्त्र सीमा बल (SSB), असम राइफल्स, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCC) के साथ-साथ दिल्ली पुलिस में कर्मियों की भर्ती कर रहा है। देशभर से चुने गए नए कर्मी केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत विभिन्न संगठनों में कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी), सब-इंस्पेक्टर (जनरल ड्यूटी) और नॉन-जनरल ड्यूटी कैडर पदों जैसे विभिन्न पदों पर शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने कहा कि इन बलों को आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद का मुकाबला करने, उग्रवाद, वामपंथी उग्रवाद का मुकाबला करने और राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा करने में सहायता करने जैसी अपनी बहुआयामी भूमिका को अधिक प्रभावी ढंग से निभाने में मदद मिलेगी। PMO ने कहा कि रोजगार सृजन को मुख्य प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता पूरी करने की दिशा में यह रोजगार मेला महत्वपूर्ण कदम है।
उसने कहा कि रोजगार मेला रोजगार सृजन में उत्प्रेरक के रूप में कार्य करेगा और युवाओं को उनके सशक्तीकरण और राष्ट्रीय विकास में भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करेगा। नवनियुक्त कर्मियों को खुद को प्रशिक्षित करने का अवसर भी मिलेगा। इस मौके पर PM मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत जल्द टॉप-3 अर्थव्यवस्था में शामिल होगा। देश के हर युवा का सपना है कि वो देश का प्रहरी बने।
PM मोदी ने कहा युवा देश की सेवा करना चाहते हैं। अर्थव्यवस्था के चक्र को संभालने की और सुरक्षा देने की जिम्मेदारी युवाओं की है। आज भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल फोन निर्माता देश है। देश में मोबाइल फोन की मांग बढ़ी है। वो दिन दूर नहीं है, जब मोबाइल की तरह भारत में बने लैपटॉप, टैबलेट, कंप्यूटर पूरी दुनिया के बाजार में बिकेंगे। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि हमारे युवाओं के लिए नए रास्ते खोलने के लिए अर्धसैनिक बलों की भर्ती प्रक्रिया में कई बदलाव किए गए हैं।