Sarkari Naukri: मध्य प्रदेश में सरकार नौकरी (Government Jobs) की तलाश कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव (Madhya Pradesh Assembly Election 2023) से पहले शिवराज सरकार (Shivraj Government) 1 लाख 12 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने का प्लान बना रही है। सरकार ने सरकारी विभागों (Government Department) में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने की कवायद तेज कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, अगले साल 15 अगस्त 2023 तक 1 लाख 12 हजार 724 खाली पड़े पदों पर भर्ती प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा।
न्यूज 18 इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मध्य प्रदेश सरकार द्वारा राज्य के 53 विभागों में खाली पड़े पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सरकार का दावा है कि इस महीने यानी नवंबर में अकेले 60,000 खाली पदों को भरने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जबकि अगले कुछ महीनों में सरकारी विभागों में 1 लाख खाली पड़े पदों की भर्ती की प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने की अहम बैठक
सामान्य प्रशासन विभाग (Department of General Adminstration) ने हाल ही में खाली पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chouhan) के सामने प्रेजेंटेशन दिया था। बैठक के दौरान सीएम ने विभागों में की गई भर्तियों के बारे में जानकारी मांगी।
सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव विनोद कुमार ने सरकारी पदों पर की गई भर्ती और अपनाई जाने वाली प्रक्रिया के बारे में सीएम को डिटेल्स जानकारी दी। इस बैठक में मध्य प्रदेश सरकार के 7 मंत्री, मुख्य सचिव और संबंधित विभाग के सभी सीनियर अधिकारी मौजूद थे।
विधानसभा चुनाव से पहले होंगी भर्तियां
मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के मौके पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया था कि इस साल नवंबर में 40,000 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा। शिवराज सरकार का दावा है कि नवंबर महीने में 60,000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। रिपोर्ट की मानें तो सरकार की कोशिश है कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले खाली पड़े पदों पर भर्ती की प्रक्रिया को पूरा कर बेरोजगारों को तोहफा किया जाए।