Uttar Pradesh Government Jobs 2023: उत्तर प्रदेश सरकार (Uttar Pradesh Government) जल्द ही सरकारी नौकरी (Sarkari Naukri) की चाह करने वाले युवाओं का सपना हकीकत में बदलने जा रही है। यूपी सरकार स्वास्थ्य और पुलिस विभाग (UP Police) में बड़े पैमाने पर भर्तियां करने जा रही है। अगले साल योगी आदित्यनाथ सरकार यूपी के सभी मेडिकल कॉलेजों में 58,961 टीचरों और कर्मचारियों की भर्ती करने जा रही है। इसके अलावा पुलिस विभाग के 35,757 पदों पर भर्तियां भी शुरू होंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने हाल ही में यूपी के अलग-अलग विभागों से खाली पड़े पदों का ब्यौरा मांगा था।
रिपोर्ट के मुताबिक, किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी और लोहिया संस्थानों में 14,000 खाली पड़े पदों को भरने की मंजूरी दे दी गई है। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में 10,042 और डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में 3,862 पदों की भर्तियां होंगी। प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा आलोक कुमार ने इसका आदेश जारी कर दिया है।
साथ ही इन पदों पर चरणबद्ध तरीके से भर्ती के लिए भी संस्थानों को निर्देश दे दिए गए हैं। इसके अलावा यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड 35,000 सिपाहियों की भर्ती करेगा। जबकि नागरिक पुलिस में 26,200 PAC में कांस्टेबल के लिए 8,500 और फायरमैन के 10,57 पदों पर युवाओं को भर्ती करने की तैयारी है। इन भर्तियों के लिए जल्द ही आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी की जाएगी।
डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में कुल 3,862 पद भरे जाएंगे। इनमें शैक्षणिक संवर्ग में सामान्य विशिष्टता वाले 680 मेडिकल टीचर और रेजिडेंट के खाली पड़े पदों को भरा जाएगा। वहीं, सुपर स्पेशियलिटी के 123 मेडिकल टीचर और रेजिडिंट के पद भरे जाएंगे। गैर शैक्षणिक संवर्ग में 2,751 नियमित और 308 आउटसोर्सिंग के पद सृजित किए गए हैं।
2023 दिसंबर तक सभी खाली पदों को भरने का लक्ष्य
सिविल पुलिस, PAC और फायर ब्रिगेड डिपार्टमेंट में सिपाहियों के 35,757 पदों पर भर्तियां नए साल में शुरू होंगी। इन भर्तियों के लिए कार्यदायी संस्था का चयन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिसंबर 2023 तक भरने के लिए सभी विभागों में खाली पड़े पदों का डिटेल्स मांगा था। सीएम योगी ने सभी विभाग के सीनियर अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जल्द ही इन खाली पड़े पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूरी की जाए। जिसके बाद अलग-अलग विभागों की तरफ से खाली पड़े पदों का डिटेल्स शासन को दिया जा रहा है। इसके बाद जांच पड़ताल के बाद योगी सरकार भर्तियों की मंजूरी दे रही है। आने वाले दिनों में अन्य कई विभागों में भी भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।