UPSC Civil Service final Result 2023: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा मंगलवार को घोषित देश की सबसे मुश्किल परिक्षाओं में एक सिविल सेवा परीक्षा 2022 (UPSC CSE 2022 final result) के नतीजों में इशिता किशोर (Ishita Kishore) ने शीर्ष स्थान हासिल किया है। उन्होंने वैकल्पिक विषय के रूप में पॉलिटिकल साइंस और इंटरनेशनल रिलेशन के साथ परीक्षा पास की है। इशिता किशोर (रोल नंबर 5809986) ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है। परीक्षा के घोषित नतीजे के अनुसार, गरिमा लोहिया और उमा हरति एन ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया है। UPSC ने कहा है कि 933 अभ्यर्थियों ने सिविल सेवा परीक्षा पास की है।
यूपीएससी द्वारा सिविल सेवा परीक्षा सालाना तीन चरणों में आयोजित की जाती है, जिनमें अभ्यर्थियों को प्रीलिम्स, मेन्स और इंटरव्यू से गुजरना होता है। इस परीक्षा के जरिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) समेत अन्य सेवाओं के अधिकारियों का चयन किया जाता है।
कौन हैं UPSC टॉपर इशिता किशोर?
अब हर कोई यह जानना चाहता है कि UPSC CSE 2022 परीक्षा में ऑल इंडिया टॉपर इशिता किशोर कौन हैं, जो अब चर्चा का विषय बन गई हैं? इशिता किशोर के पिता इंडियन एयरफोर्स में अधिकारी हैं। उनका पूरा परिवार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में रहता है। इशिता किशोर अर्थशास्त्र से ग्रेजुएशन हैं। इशिता ने साल 2014 में एयरफोर्स बाल भारती से 12वीं की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद साल 2017 में उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्रीराम कॉलेज ऑफ कामर्स से इकोनॉमिक्स ऑनर्स से ग्रेजुएशन पूरा किया।
इशिता ने बचपन में ही ठान लिया था कि वो IAS अधिकारी ही बनेंगी। ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने अर्न्स्ट एंड यंग के साथ रिस्क एडवाइजरी में काम किया। वह एक सक्रिय खिलाड़ी रही हैं। वह अपने स्कूल के समय से ही एक अच्छी ऑलराउंडर कलाकार रही हैं। इशिता ने अपने तीसरे प्रयास में UPSC की परीक्षा पास की। यह पहली बार था जब उन्होंने इंटरव्यू राउंड के लिए क्वालीफाई किया।
अपने पहले दो प्रयासों में वह UPSC की प्रीलिम्स परीक्षा भी पास नहीं कर सकीं। इशिता ने इंडिया टुडे से बातचीत में बताया कि यूपीएससी के लिए उन्होंने घर से ही पढ़ाई की। उनके ऑप्शनल सब्जेक्ट पॉलिटिकल साइंस और इंटरनेशनल रिलेशन थे। इशिता ने कहा कि इंटरव्यू के वक्त उम्मीद सभी एस्पिरेंट्स रखते हैं। काफी मेहनत की थी तो मुझे ये तो यकीन था कि इस बार निकाल दूंगी।
यूपीएससी 2022 में टॉप करने वाली इशिता किशोर ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा कि मेरे परिवार ने मुझे असीम समर्थन दिया, भले ही मैंने प्रीलिम्स को दो बार पास नहीं किया लेकिन उन्हें मुझ पर बहुत विश्वास था। जिस तरह से उन्होंने मुझे आगे बढ़ाया और मेरे लिए चीजों को आसान बनाया, मैं उसके लिए उनकी आभारी रहूंगी।