कर्नाटक के राजीव गांधी यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (RGUHS) में हो रहे एक आयुर्वेद परीक्षा के पेपर में शामिल एक प्रश्न पर ऑनलाइन विवाद छिड़ गया है। सोशल मीडिया पर यूजर्स महिलाओं को एक वस्तु (woman as an aphrodisiac item) के रूप में पेश करने को लेकर यूनिवर्सिटी की तीखी आलोचना कर रहे हैं।
यह प्रश्न बुधवार को RGUHS, कर्नाटक में बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी (BAMS) के चौथे वर्ष की परीक्षा में पूछा गया था। इस परीक्षा में छात्रों को 12 विषयों पर एक लघु निबंध लिखने के लिए कहा गया था। विषयों में से एक था "Stree as a Vajikarana dravya", जिसका शाब्दिक अर्थ है "एक कामोत्तेजक वस्तु के रूप में महिला"।
प्रश्न पत्र की तस्वीर ट्विटर पर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बवाल मच गया है। विवादित प्रश्न पत्र का स्क्रीनशॉट सबसे पहले ट्विटर हैंडल @theliverdr द्वारा शेयर की गई। इसके बाद महिलाओं को "आइटम" के रूप में पेश करने को लेकर कई लोगों ने यूनिवर्सिटी की आलोचना की।
हालांकि, राजीव गांधी यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज ने दावा किया है कि प्रश्न निर्धारित पाठ्यक्रम का हिस्सा था और इसे संदर्भ में देखा जाना चाहिए। RGUHS के रजिस्ट्रार (Evaluation) रामकृष्ण रेड्डी ने कहा कि प्रश्न पत्र पाठ्यक्रम के अनुसार निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि ये पाठ्यपुस्तक में सिखाई गई बातें हैं और इलाज के तरीकों में से एक हैं। यूनिवर्सिटी के पास पाठ्यपुस्तक की सामग्री को जोड़ने या हटाने का कोई अधिकार नहीं है, क्योंकि इसे सेंट्रल काउंसिल फॉर इंडियन मेडिसिन द्वारा निर्धारित किया गया था।