Aindrila Sharma Dies: ब्रेन स्ट्रोक के बाद 24 साल की उम्र में बंगाली एक्ट्रेस ऐन्द्रिला शर्मा का निधन, CM ने जताया दुख

Aindrila Sharma Dies: ऐन्द्रिला महज 24 साल की थीं। उनके परिवार में उनके माता-पिता हैं। बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले की मूल निवासी ऐन्द्रिला बंगाली टेलीविजन जगत में एक जाना-पहचाना चेहरा थीं

अपडेटेड Nov 20, 2022 पर 9:50 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Aindrila Sharma Dies: ऐन्द्रिला को एक नवंबर को ब्रेन स्ट्रोक के बाद हावड़ा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था

Aindrila Sharma Dies: ब्रेन स्ट्रोक (Brain Stroke) के कारण करीब तीन सप्ताह तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद बंगाली एक्ट्रेस ऐन्द्रिला शर्मा (Aindrila Sharma) का रविवार को निधन हो गया। ऐन्द्रिला 24 साल की थीं और उनके परिवार में उनके माता-पिता हैं। बंगाल के मुर्शिदाबाद (Murshidabad) जिले की मूल निवासी ऐन्द्रिला बंगाली टेलीविजन जगत में एक जाना-पहचाना चेहरा थीं। उन्होंने 'जियो काठी (Jiyon Kathi)', 'झुमुर (Jhumur)' और 'जीवन ज्योति (Jiban Jyoti)' जैसे टेलीविजन धारावाहिकों में अभिनय के जरिए अपनी विशेष पहचान बनाई थी।

ऐन्द्रिला ने दो बार कैंसर को मात देते हुए 2015 में पर्दे पर वापसी की थी। ऐन्द्रिला शर्मा इविंग सारकोमा से पीड़ित थीं, यह एक दुर्लभ प्रकार का कैंसर है जो हड्डियों में या हड्डियों के आसपास के कोमल ऊतकों में होता है। सर्जरी और कीमोरैडिएशन से उनका इलाज किया गया था।

1 नवंबर को कराया गया था भर्ती


ऐन्द्रिला को एक नवंबर को ब्रेन स्ट्रोक के बाद हावड़ा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह हाल ही में एक वेब सीरीज 'भागर' में नजर आई थीं। इसमें वह अपने रियल लाइफ पार्टनर सब्यसाची चौधरी के साथ नजर आई थीं।

ये भी पढ़ें- Mangaluru Autorickshaw Blast: मंगलुरु ऑटो ब्लास्ट मामले का आरोपी 3 साल पहले आतंकी मामले में हो चुका है गिरफ्तार, DGP ने बताई डिटेल्स

अस्पताल ने एक बयान में कहा, ‘उनकी गंभीर सर्जरी हुई, और बायोप्सी से पता चला कि उन्हें मस्तिष्क मेटास्टेस हो रहा था। न्यूरोसर्जन, न्यूरोलॉजिस्ट, क्रिटिकल केयर स्पेशलिस्ट, संक्रामक रोग एक्सपर्ट, मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट और रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट की एक टीम ने उनका इलाज किया। लेकिन, दुर्भाग्य से हमारे तमाम प्रयासों के बावजूद आज उन्हें हार्ट अटैक हुआ और उन्होंने दम तोड़ दिया।’ ऐन्द्रिला ने दोपहर करीब 12.59 मिनट पर अंतिम सांस ली।

सीएम ने जताया दुख

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि ऐन्द्रिला शर्मा को फिल्मों और धारावाहिकों में विभिन्न पात्रों के चित्रण के लिए हमेशा याद किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैं युवा अभिनेत्री ऐन्द्रिला शर्मा के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करती हूं। उन्हें बहुत कुछ करना था। खतरनाक बीमारी के खिलाफ लड़ाई लड़ने की उनकी अदम्य भावना हमेशा के लिए एक मिसाल कायम करेगी। उनकी दुखद मौत टेलीविजन इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति है।’

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।