Chhaava में विक्की कौशल के डांस सीन पर आपत्ति, महाराष्ट्र के मंत्री बोले- 'फिल्म को रिलीज नहीं होने देंगे'

Vicky Kaushal’s Chhaava release Row: 'छावा' फिल्म में विक्की कौशल ने छत्रपति संभाजी महाराज और रश्मिका मंदाना ने महारानी येसुबाई की भूमिका निभाई है। महाराष्ट्र के मंत्री उदय सामंत ने मीडिया से बात करते हुए फिल्म की रिलीज को रोकने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि अगर इतिहासकार इस पर आपत्ति जताते हैं, तो हम इसे रिलीज नहीं होने देंगे

अपडेटेड Jan 27, 2025 पर 12:05 PM
Story continues below Advertisement
Vicky Kaushal’s Chhaava release Row: छत्रपति संभाजी महाराज पर बनी यह फिल्म 14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी

Vicky Kaushal’s Chhaava release Row: महाराष्ट्र के मंत्री उदय सामंत ने अभिनेता विक्की कौशल की आने वाली फिल्म 'छावा' को लेकर नाराजगी जताई है। रविवार (26 जनवरी) को मंत्री ने फिल्म के एक सीन पर आपत्ति जताई जिसमें छत्रपति संभाजी महाराज को डांस करते हुए दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि इस सीन को हटा दिया जाना चाहिए। सामंत ने सुझाव दिया कि इतिहासकारों और विद्वानों द्वारा फिल्म की समीक्षा की जानी चाहिए। मंत्री की यह टिप्पणी कुछ वर्गों द्वारा फिल्म में अभिनेता विक्की कौशल और रश्मिका मंदाना के डांस सीन पर आपत्ति जताए जाने के बीच आई है।

फिल्म में कौशल ने छत्रपति संभाजी महाराज और रश्मिका ने महारानी येसुबाई की भूमिका निभाई है। सामंत ने मीडिया से बात करते हुए फिल्म की रिलीज को रोकने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि अगर इतिहासकार इस पर आपत्ति जताते हैं, तो हम इसे रिलीज नहीं होने देंगे।

डांस सीन पर जताई नाराजगी


मंत्री ने कहा, "फिल्म में छत्रपति संभाजी महाराज को नाचते हुए दिखाया गया है। निर्देशक को इस हिस्से को काट देना चाहिए। यह फिल्म इतिहासकारों और विद्वानों को दिखाई जानी चाहिए। अगर वे आपत्ति जताते हैं, तो हम इसे रिलीज नहीं होने देंगे।"

उदय सामंत ने कहा कि मराठा योद्धा राजा छत्रपति संभाजी के जीवन पर आधारित विक्की कौशल अभिनीत फिल्म छावा रिलीज से पहले विशेषज्ञों को दिखाई जानी चाहिए। सामंत ने X पर एक पोस्ट में कहा कि फिल्म के निर्माता और निर्देशकों को इस संबंध में तत्काल कदम उठाने चाहिए। कुछ भी आपत्तिजनक पाए जाने पर उसे हटाना चाहिए।

सामंत ने पोस्ट में कहा, "यह खुशी की बात है कि धर्म और स्वतंत्रता के रक्षक छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित एक हिंदी फिल्म बनाई जा रही है। दुनिया को छत्रपति के इतिहास को समझाने के लिए इस तरह के प्रयास आवश्यक हैं। हालांकि, कई लोगों ने अपनी राय व्यक्त की है कि इस फिल्म में कुछ आपत्तिजनक सीन हैं।"

उन्होंने कहा, "हमारा मानना ​​है कि इस फिल्म को विशेषज्ञों और जानकार लोगों को दिखाए बिना रिलीज नहीं किया जाना चाहिए।" मंत्री ने चेतावनी दी कि छत्रपति संभाजी के सम्मान को नुकसान पहुंचाने वाली चीजें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

तत्काल कार्रवाई की मांग

उन्होंने कहा, "फिल्म के निर्माता और निर्देशक इस संबंध में तत्काल कार्रवाई करें और आपत्तिजनक चीजें हटा दें। फिल्म देखने के बाद आगे का फैसला लिया जाएगा। अन्यथा यह फिल्म रिलीज नहीं होने दी जाएगी।"

इससे पहले शुक्रवार को पूर्व राज्यसभा सदस्य संभाजीराजे छत्रपति ने कहा था कि सटीकता सुनिश्चित करने के लिए फिल्म को रिलीज से पहले इतिहासकारों को दिखाया जाना चाहिए।इस सप्ताह के शुरू में जारी फिल्म के ट्रेलर में एक सीन है जिसमें कौशल और मंदाना महाराष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े पारंपरिक संगीत वाद्ययंत्र 'लेजिम' के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं।

संभाजीराजे छत्रपति ने की फिल्म दिखाने की मांग

संभाजीराजे छत्रपति ने कहा, "यह सराहनीय है कि फिल्म छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन और उनके वीरतापूर्ण शासन को दर्शाती है। निर्देशक लक्ष्मण उटेकर और उनकी टीम ने मुझे फिल्म का ट्रेलर दिखाया। मैंने उनसे कहा कि मैं रिलीज से पहले पूरी फिल्म देखना चाहूंगा। मैंने उन्हें इतिहासकारों से संपर्क करने की भी पेशकश की, ताकि इस महत्वपूर्ण कहानी को दुनिया भर के दर्शकों के सामने प्रामाणिक रूप से प्रस्तुत करने के लिए त्रुटियों को दूर किया जा सके।"

ये भी पढ़ें- Uniform Civil Code: उत्तराखंड आज UCC लागू कर रचेगा इतिहास, समान नागरिक संहिता से बदल जाएंगी ये चीजें

पूर्व सांसद ने कहा कि फिल्म निर्माताओं को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि ऐसे ऐतिहासिक व्यक्तित्वों का चित्रण हमेशा सम्मानजनक और सटीक होना चाहिए। इससे पहले, दिन में कुछ मराठा संगठनों ने फिल्म में डांस के सीन पर आपत्ति जताते हुए ऐतिहासिक लाल महल में विरोध प्रदर्शन किया। चर्चित फिल्म 14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

ये भी पढ़ें- Saif Stabbing Case: सैफ अली खान पर हमला मामले में नया मोड़! आरोपी के फिंगरप्रिंट अभिनेता के घर से नहीं खा रहे मेल

Akhilesh

Akhilesh

First Published: Jan 27, 2025 12:02 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।