Game Changer: साउथ के सुपरस्टार राम चरण की अपनी आने वाली फिल्म 'गेम चेंजर' के प्रमोशन में काफी व्यस्त है। यह फिल्म 10 जनवरी सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की रिलीज में ज्यादा समय नहीं बचा है, इसलिए फिल्म के कलाकार इसका प्रमोशन जोर-शोर से कर रहे हैं। राम चरण के फैंस में भी इस फिल्म को लेकर काफी उत्साह है। सोशल मीडिया पर अभिनेता के चाहने वाले फिल्म की सफलता को लेकर बड़े दावे कर रहे हैं। इन सब के बीच एक दुखद घटना सामने आ रही है।
हाल ही में फिल्म का एक प्री-रिलीज इवेंट रखा गया और इवेंट के बाद एक बड़ा हादसा हो गया जिसमें इवेंट में आए दो फैंस की मौत हो गई। इस इवेंट में राम चरण और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण भी मौजूद थे।
शनिवार रात इवेंट में हिस्सा लेने के बाद अरावा मनीकांत और थोकड़ा चरण बाइक से घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही एक वैन ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों को तुरंत पेडापुरम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन दोनों की चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी मौत हो गई। वहीं इस मामले में रंगामपेटा पुलिस ने केस दर्ज किया है। 'गेम चेंजर' के निर्माता दिल राजू ने पीड़ित परिवारों को 10 लाख रुपये की सहायता देने का प्रस्ताव दिया है।
गेम चेंजर के एक प्रोड्यूसर ने क्या कहा
गेम चेंजर के एक प्रोड्यूसर दिल राजू ने हादसे में जान गंवाने वाले दोनों व्यक्तियों के परिवारों को आर्थिक मदद करने का ऐलान किया है। उनकी प्रोडक्शन हाउस, श्री वेंकटेश्वर क्रिएशन्स एक्स पर पोस्ट में लिखा, "प्रोड्यूसर दिल राजू गरु ने गेम चेंजर इवेंट के बाद हुए हादसे में अपनी जान गंवाने वाले दो व्यक्तियों के परिवारों को 10 लाख की मदद देने की घोषणा की है और उनके परिवारों को हर संभव सहयोग का भी आश्वासन दिया। इस कठिन समय में हम उनके प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करते हैं।" पवन कल्याण ने भी पीड़ित परिवारों को 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने का वादा किया है।
दिल राजू ने मीडिया से बातचीत के दौरान इस दुखद घटना पर दुख जताते हुए कहा, 'जश्न के समय ऐसी घटनाएं होना दुर्भाग्यपूर्ण है और यह बेहद दुखद है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे हर संभव तरीके से परिवारों को सहायता प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों के परिवार वालों को 5 लाख रुपये देने की भी घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने उनके प्रति अपनी हार्दिक संवेदना भी व्यक्त की।'
इस मामले पर आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने भी दुख व्यक्त किया है। डिप्टी सीएम ने इस घटना को लेकर एक पोस्ट भी अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किया है। पवन ने अपने पोस्ट में लिखा कि एडीबी रोड पर हुई दुर्घटना में युवक की मौत दुखद है। जन सेना पार्टी की ओर से हम मृतकों के परिवार वालों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।