National Cinema Day: देशभर के मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (Multiplex Association of India - MAI) ने कुछ दिनों पहले 16 सितंबर को भारत में नेशनल सिनेमा डे मनाने का ऐलान किया था। इस दिन 75 रुपये में टिकट खरीदकर फिल्म देखने का सुविधा मुहैया कराने का ऐलान किया गया था। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। नेशनल सिनेमा डे अब 23 सितंबर को मनाया जाएगा। कुल मिलाकर इसे एक हफ्ते के लिए टाल दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फैसला रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की फिल्म ब्रह्मास्त्र (Brahmastra) की वजह से लिया गया है।
यह फिल्म हाल ही में 9 सितंबर को रिलीज हुई थी। फिल्म ने देश-विदेश में 200 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है। फिल्म की कलेक्शन में इस ऑफर की वजह से कोई नुकसान न हो इसलिए इस जश्न को एक हफ्ते के लिए टाल दिया गया है।
पहले कहा गया था कि देशभर के सभी सिनेमा हॉल में 16 सितंबर को नेशनल सिनेमा डे (National Cinema Day) मनाया जाएगा। इसके साथ ही इस दिन लोग सिनेमा हॉल में जाकर सिर्फ 75 रुपये में फिल्म देख सकेंगे। यह ऑफर दर्शकों को थैंक्यू बोलने के लिए था। कोरोना महामारी के बाद पूरे देश में लॉकडाउन लगाने के बाद सिनेमाघरों को भी बंद कर दिया गया था। जिस वजह से थिएटर के मालिकों पर आर्थिक रूप से बुरा असर पड़ ड़ा था। पिछले साल 16 सितंबर 2021 को सिनेमाघरों को दोबारा खोला गया। अयान मुखर्जी की ब्रह्मास्त्र से सिनेमा घरों में फिर से भीड़ लौट रही है। ऐसे में थिएटर्स मालिक अपने शेयर बढ़ाना चाहते हैं। लिहाजा नेशनल डे को टालने का फैसला लिया गया।
अमेरिका से शुरू हुआ ट्रेंड
भारत में इस सिनेमा डे का ट्रेंड अमेरिका में इसे सेलिब्रेट करने के बाद आया है। अमेरिका में भी 3 सितंबर को नेशनल सिनेमा डे मनाया गया। अमेरिका के अलावा मिडिल ईस्ट, ब्रिटेन और यूरोपीय देशों में इस तरह का समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य एक बार फिर से दर्शकों को सिनेमाघरों तक लेकर आना है।