Pathaan box office collection day 1: शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) की फिल्म ‘पठान (Pathaan)’ के खिलाफ देशभर में जारी अभियान के बावजूद बुधवार सुबह सिनेमाघरों के बाहर फिल्म देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ नजर आई। ‘पठान’ बुधवार को सुबह भारत में 5000 स्क्रीन पर रिलीज की गई। फिल्म जगत से जुड़े लोग न सिर्फ शाहरुख के लिए बल्कि हिंदी सिनेमा पर छाए काले बादल हटाने के लिए भी फिल्म से काफी उम्मीदें लगाए हुए हैं। ऐसा माना जा रहा है कि यह फिल्म लोगों को एक बार फिर सिनेमाघरों तक लाने और हिंदी सिनेमा को अपनी खोई पहचान दिलाने में कामयाब रहेगी। ‘एडवांस बुकिंग’ को लेकर भी फिल्म खबरों में रही। ‘पठान’ के मंगलवार तक 4.19 लाख टिकट बिक गए थे। ट्रेड एक्सपर्ट ने इसके पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करने का अनुमान लगाया है।
दिल्ली-NCR और मुंबई सहित कई शहरों में सुबह 6 और 7 बजे फिल्म का पहला शो चलाया गया। दक्षिण दिल्ली के PVR सेलेक्ट सिटीवॉक पर सुबह 6 बजकर 55 मिनट पर सिनेमाघर में सीटियां और तालियों की गड़गड़ाहट सुनाई दी। दर्शकों से भरे थिएटर में हो हल्ले से ऐसा लगा कि सुपरस्टार की वापसी हो गई है। इससे पहले शाहरुख की फिल्म ‘जीरो’, ‘फैन’ और ‘जब हैरी मेट सेजल’ ने काफी निराशाजनक प्रदर्शन किया था।
पहले ही दिन 50 करोड़ से अधिक की कर लेगी कमाई
जासूसी-थ्रिलर देखने के लिए दक्षिण दिल्ली के मॉल में इकट्ठा हुए सैकड़ों लोगों में से एक उत्साही युवा महिला ने कहा कि वह जनवरी की ठंड में अपनी नींद का बलिदान देकर केवल शाहरुख के लिए पहला शो देखने आई हैं। शो शुरू होते ही लोगों ने तालियां बजाना शुरू कर दिया और यह उत्साह अगले दो घंटे 26 मिनट तक जारी रहा। फिल्म निर्माण कंपनी ‘यशराज फिल्म्स’ के बैनर तले बनी इस फिल्म में शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म गीत ‘बेशरम रंग’ को लेकर काफी विवादों में आ गई थी।
फिल्म को ओपनिंग बंपर बताई जा रही है। ट्रेड एक्सपर्ट जोगिंदर टुटेजा ने ट्वीट कर पठान के कलेक्शन को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि पठान पहले दिन ही 50 करोड़ कलेक्शन का आंकड़ा पार कर लेगी। वहीं, ट्रेड एक्सपर्ट रोहित जायसवाल ने भविष्यवाणी की है कि पॉजिटिव वर्ड-ऑफ माउथ और पॉजीटिव रिव्यू के आधार पर पठान को पहले दिन ही 56 करोड़ रुपये कलेक्शन की उम्मीद है।
सलमान की एंट्री ने जीता दिल
पर्दे पर जॉन अब्राहम की एंट्री पर लोगों ने काफी तालियां बजाई लेकिन उनका उत्साह शाहरुख की एंट्री पर अधिक हो गया। शाहरुख के पहले संवाद ‘‘जिंदा है’’ ने लोगों का दिल जीत लिया। इसके साथ ही ‘‘अपनी कुर्सी की पेटी बांध लो, मौसम बिगड़ने वाला है’’ पर भी लोगों ने काफी तालियां बजाई। वहीं विवादों में रहे गीत ‘बेशरम रंग’ के साथ ही फिल्म में दीपिका बड़े पर्दे पर पहली बार नजर आईं।
सिनेमाघर में इंटरवल तक यही जोश बरकरार रहा। फिल्म के दोबारा शुरू होने पर सलमान खान की एंट्री ने लोगों का दिल जीता और सिनेमाघर तालियों और सीटियों के शोर से गूंज उठा। फिल्म के अंत में शाहरुख के संवाद ‘‘पार्टी पठान के घर रखोगे तो मेहमान नवाज़ी के लिए पठान तो आएगा और पटाखे भी लाएगा’’ ने एक बार फिर लोगों में जोश भरा।