Saif Ali Khan: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले के मामले में मुंबई पुलिस ने बड़ी जानकारी दी है। पुलिस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अब तक इस मामले में किस तरह से कार्रवाई की गई है। सैफ अली खान पर हमला करने वाले आरोपी को मुंबई के ठाणे से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी मुंबई में अपनी पहचान बदलकर ठाणे के रिकी बार में हाउसकीपिंग स्टाफ का काम कर रहा था।
शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि आरोपी बांग्लादेश का नागरिक हो सकता है। पुलिस ने बताया कि आरोपी का मेडिकल करवाने के बाद उसको कोर्ट में पेश किया जाएगा। मुंबई पुलिस पूछताछ के लिए कोर्ट से आरोपी के कस्टडी की मांग करेगी।
मुंबई पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
मुंबई पुलिस के डीसीपी दीक्षित गेदाम ने मीडिया को बताया कि, "अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के सिलसिले में एक आरोपी को ठाणे से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान 30 वर्षीय मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद के रूप में हुई है। उन्होंने आगे बताया कि आरोपी सैफ के घर में डकैती करने के इरादे से घुसा था। पकड़े गए आरोपी के पास से भारत का कोई भी वैध दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे वो साबित कर सकें कि वह भारत का नागरिक है। "
पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी से कुछ निजी सामान जब्त किए गए हैं, जिसमें उसके संदिग्ध होने के संकेत मिलते हैं। लेकिन अभी उसकी पहचान की जांच जारी है। अधिकारियों ने कहा कि वे हमलावर के बारे में और जानकारी जुटा रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि उसने सैफ अली खान पर हमला क्यों किया। हमले में सैफ गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
बांग्लादेशी नागरिक हो सकता है आरोपी
मुंबई पुलिस के डीसीपी ने बताया कि शुरुआती जांच के मुताबिक, "पुलिस को शक है कि आरोपी बांग्लादेशी नागरिक हो सकता है और अवैध तरीके से भारत में घुसने के बाद उसने अपना नाम बदल लिया था। वह मुंबई में अपना नाम विजय दास रखकर रह रहा था। वह करीब 5-6 महीने पहले मुंबई आया था। कुछ दिन मुंबई में रहने के बाद वह आसपास के इलाकों में रहने लगा। आरोपी एक हाउसकीपिंग कर्मचारी के तौर पर काम कर रहा था।" मुंबई पुलिस ने बताया की है कि आरोपी विजय दास, बिजॉय दास और मोहम्मद इलियास सहित कई नामों का इस्तेमाल कर रहा था।
बता दें सैफ अली खान पर बीते गुरुवार की सुबह 2:30 बजे उनके बांद्रा वेस्ट स्थित अपार्टमेंट में हमला हुआ था। इस हमले में एक्टर के गर्दन और कंधे सहित छह जगहों पर चोटें आई थी। एक्टर को तुरंत इलाज के लिए लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां पांच घंटे की सर्जरी के बाद उनकी रीढ़ से 2.5 इंच लंबा ब्लेड का टुकड़ा निकाला गया। फिलहाल सैफ अली खान अब खतरे से बाहर है।