Kadambari Jethwani Case: कौन हैं कादंबरी जेठवानी? एक्‍ट्रेस के चक्‍कर में 3 IPS अधिकारी हो गए सस्‍पेंड

Kadambari Jethwani case: आंध्र प्रदेश सरकार ने रविवार 15 सितंबर को मुंबई की एक अभिनेत्री कादंबरी जेठवानी द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के बाद तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को निलंबित कर दिया। NTR कमिश्नरेट पुलिस ने बॉलीवुड अदाकारा और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ दर्ज कथित झूठे मामले की जांच शुरू कर दी है

अपडेटेड Sep 16, 2024 पर 4:36 PM
Story continues below Advertisement
Kadambari Jethwani case: डॉक्टर से अभिनेत्री बनीं कादंबरी जेठवानी की शिकायत पर 3 IPS अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है

Kadambari Jethwani case: आंध्र प्रदेश सरकार ने रविवार (15 सितंबर) को बॉलीवुड एक्ट्रेस कादंबरी जेठवानी को मामला दर्ज होने से पहले ही गिरफ्तार करने और जल्दबाजी में कार्रवाई करने के आरोप में तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को निलंबित कर दिया। विजयवाड़ा के पूर्व कमिश्नर कांथी राणा टाटा, विजयवाड़ा के पूर्व डिप्टी कमिश्नर विशाल गुन्नी और पूर्व DGP (खुफिया) सीताराम अंजनेयालु पर अनुचित जांच का आरोप लगाया गया है। NTR कमिश्नरेट पुलिस ने बॉलीवुड अदाकारा और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ दर्ज कथित झूठे मामले की जांच शुरू कर दी है। अदाकारा की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए इब्राहिमपटनम पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

कादंबरी ने अपने और अपने परिवार के सदस्यों के खिलाफ दर्ज मामले का डिटेल्स पुलिस को कुछ सबूतों के साथ सौंपा। तीनों अधिकारियों को अखिल भारतीय सेवा (अनुशासन और अपील) नियम, 1969 के नियम 3(1) के तहत निलंबित किया गया है।

जांच रिपोर्ट के अनुसार, सीताराम अंजनेयालु ने बिना उचित लिखित निर्देश या उचित जांच के एक्ट्रेस की गिरफ्तारी के वास्ते अन्य अधिकारियों के लिए मुंबई की फ्लाइट बुक कीं। तीनों अधिकारियों को विजयवाड़ा न छोड़ने के लिए कहा गया है। आशंका है कि निलंबित अधिकारी मामले में गवाहों को प्रभावित और मुंबई में सबूत नष्ट कर सकते हैं।


क्या है आरोप?

कांथी राणा और गुन्नी पर केवल मौखिक निर्देशों पर काम करने और एक्ट्रेस को बिना उचित जांच के गिरफ्तार करने का आरोप लगाया गया है। अधिकारियों पर FIR दर्ज होने से पहले ही गिरफ्तारी करने का भी आरोप है। जेठवानी ने अगस्त में एनटीआर पुलिस कमिश्नर एसवी राजशेखर बाबू से शिकायत की थी। जेठवानी ने कहा कि उनके साथ, उनके माता-पिता को बिना किसी पूर्व सूचना के मुंबई से विजयवाड़ा ले जाया गया। साथ ही उन्हें एक महीने से अधिक समय तक बिना किसी वजह के न्यायिक हिरासत में रखा गया।

जेठवानी के वकील एन श्रीनिवास ने आरोप लगाया कि YSRCP नेता विद्यासागर ने जेठवानी और उनके परिवार को जबरन वसूली के आरोप में फंसाने के लिए जमीन के दस्तावेजों में हेराफेरी की थी। उन्होंने आगे कहा कि संबंधित अधिकारियों ने उन्हें कई दिनों तक जमानत याचिका दायर करने की अनुमति नहीं दी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उन्हें और उनके बुजुर्ग माता-पिता को अपमानित किया। साथ ही गैरकानूनी तरीके से कस्टडी में रखा।

इसके कारण उनका परिवार 40 दिनों से अधिक समय तक न्यायिक हिरासत में रहा। कदंबरी जेठवानी ने पुलिस अधिकारियों पर आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान उन्हें धमकी दी गई थी कि अगर उन्होंने मुंबई में एक निगम के शीर्ष कार्यकारी के खिलाफ दायर मामला वापस नहीं लिया तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

कौन हैं कादंबरी जेठवानी?

IMDb प्रोफाइल के अनुसार, 28 वर्षीय कादंबरी जेठवानी मॉडल और अभिनेत्री हैं। उनका जन्म गुजरात के अहमदाबाद में एक हिंदू सिंधी जेठवानी परिवार में हुआ था। उनके पिता नरेंद्र कुमार एक मर्चेंट नेवी अधिकारी हैं। जबकि उनकी मां आशा भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) में मैनेजर हैं। उनकी मांग इकोनॉमिक्स में गोल्ड मेडलिस्ट भी हैं।

कादंबरी जेठवानी ने अपनी शिक्षा प्रकाश हायर सेकेंडरी स्कूल, माउंट कार्मेल हाई स्कूल और उदगम स्कूल से प्राप्त की। अहमदाबाद के ये सभी प्रतिष्ठित संस्थान हैं। 12 वर्ष की आयु में उन्होंने भरतनाट्यम में विशारद (Visharad in Bharatnatyam) की उपाधि प्राप्त की।

वह एक बेहतरीन छात्रा थीं। उन्होंने हायर सेकेंडरी परीक्षा में टॉप किया था। अहमदाबाद के प्रतिष्ठित श्रीमती एनएचएल म्युनिसिपल मेडिकल कॉलेज से उन्होंने MBBS की डिग्री प्राप्त की। हालांकि, इसके बाद उनकी मां के तबादले के कारण उनके परिवार को मुंबई शिफ्ट होना पड़ा।

ये भी पढ़ें- Aditi Rao Hydari: एक्ट्रेस अदिति राव हैदरी ने सिद्धार्थ से मंदिर में की सीक्रेट शादी, सामने आई पहली तस्वीर

मुंबई में एक डायरेक्टर से अचानक मुलाकात के कारण उन्हें बॉलीवुड फिल्म 'Sadda Adda' में मुख्य भूमिका मिल गई। हालांकि फिल्म दर्शकों को प्रभावित करने में विफल रही। लेकिन इसके बाद उन्हें दक्षिण की कई फिल्में जैसे ओइजा (कन्नड़), आटा (तेलुगु), आई लव मी (मलयालम) में काम करने का मौका मिला।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।