EOS-03 Satellite Launch: आखिरी मिनट में फेल हुआ ISRO का मिशन, क्रायोजेनिक स्टेज में आई खराबी

ब्राजील की EOS एमेजोनिया-1 और 18 दूसरी छोटी सैटेलाइट्स के प्रक्षेपण के बाद 2021 में ISRO का ये दूसरा मिशन था

अपडेटेड Aug 12, 2021 पर 2:17 PM
Story continues below Advertisement

चार महीने के ब्रेक के बाद, इंडियन स्पेस रिसर्च आर्गेनाईजेशन (ISRO) की GSLV रॉकेट के जरिए भू्-अवलोकन उपग्रह (Earth Observation Satellite) EOS-03 की लॉन्चिंग फेल हो गई है।  ISRO ने गुरुवार को बताया कि रॉकेट लॉन्चिंग की "क्रायोजेनिक स्टेज (कम तापमान बनाकर रखने संबंधी)" में खराबी आने के कारण मिशन पूरा नहीं किया जा सका। फरवरी में ब्राजील की अर्थ ऑब्जरवेशन सैटेलाइट एमेजोनिया-1 और 18 दूसरी छोटी सैटेलाइट्स के प्रक्षेपण के बाद 2021 में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन का ये दूसरा मिशन था।

एजेंसी के अनुसार, 51.70 मीटर लंबे रॉकेट GSLV-F10/EOS-03 ने 26 घंटे का काउंट डाउन खत्म होने के तुरंत बाद सुबह पांच बजकर 43 मिनट पर श्रीहरिकोटा के दूसरे लॉन्च पैड (प्रक्षेपण स्थल) से सफलतापूर्वक उड़ान भरी थी।

"मिशन कंट्रोल सेंटर" के वैज्ञानिकों ने बताया कि उड़ान भरने से पहले, "लॉन्च ऑथराइजेशन बोर्ड" ने योजना के अनुसार सामान्य उड़ान भरने के लिए मंजूरी दी थी। पहले और दूसरे चरण में रॉकेट का प्रदर्शन सामान्य रहा।

कुछ मिनटों बाद हालांकि, वैज्ञानिकों को चर्चा करते देखा गया और रेंज ऑपरेशंस डायरेक्टर की तरफ से मिशन कंट्रोल सेंटर में घोषणा की गई कि "कुछ खराबी के कारण मिशन पूरी तरह से सम्पन्न नहीं हो सका।"

मिशन कंट्रोल सेंटर में रेंज ऑपरेशंस डायरेक्टर ने घोषणा की, "क्रायोजेनिक स्टेज में कुछ तकीनीकी खराबी देखी गई। मिशन पूरी तरह से सम्पन्न नहीं हो सका।" बाद में इसरो के अध्यक्ष के सिवन ने भी इस बात की पुष्टि की।

इस मिशन का उद्देश्य नियमित अंतराल पर बड़े क्षेत्र की वास्तविक समय पर तस्वीरें उपलब्ध कराना, प्राकृतिक आपदाओं की त्वरित निगरानी करना और कृषि, वनीकरण, जल संसाधनों और आपदा चेतावनी देना, चक्रवात की निगरानी करना, बादल फटने आदि के बारे में जानकारी प्राप्त करना था।


सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।