दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को जबरदस्त कोहरे के चलते दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। सोमवार को यहां दोपहर एक बजे तक 530 फ्लाइट्स की उड़ान में देरी हुई है, वहीं चार फ्लाइट्स को कैंसल करना पड़ा। इसके अलावा 20 फ्लाइट्स का रूट डायवर्जन करना पड़ा।
एयरपोर्ट के अधिकारी ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि एयरपोर्ट पर घना कोहरा होने के चलते सोमवार को काम प्रभावित रहा। दोपहर 12 बजकर 52 मिनट तक 20 फ्लाइट्स का रूट डायवर्जन किया गया, चार को कैंसल किया गया, वहीं 530 फ्लाइट्स की उड़ान में देरी हुई।
अधिकारी ने बताया कि सोमवार को दोपहर 12 बजकर 52 मिनट तक करीब 530 उड़ानों में देरी हुई जिनमें 320 डिपार्चर करने वाली उड़ानें और 210 अराइवल उड़ानें शामिल हैं।
जानकारी है कि एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन कैटेगरी 3B की परिस्थितियों में किया जा रहा है। इसका मतलब है कि रनवे की विजिबिलिटी रेंज 50 से 175 मीटर के बीच है।
फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित होने की स्थिति में एयरलाइंस भी अपनी फ्लाइट्स को लेकर अपडेट दे रही हैं।
Vistara Airline ने टि्वटर पर कहा कि दिल्ली में खराब विजिबिलिटी के कारण उसकी दिल्ली-मुंबई फ्लाइट UK933 के साथ ही मुंबई-दिल्ली फ्लाइट UK996 को रद्द कर दिया गया है।
Vistara के साथ ही GoAir, SpiceJet, AirAsia India ने भी कहा है कि दिल्ली में घने कोहरे और खराब विजिबिलिटी के कारण उनके फ्लाइट ऑपरेशन पर असर पड़ सकता है और यात्रियों को सलाह है कि वो फ्लाइट के लिए निकलने से पहले उसकी स्थिति की जानकारी ले लें।