पूर्व क्रिकेटर और एक्टर सलिल अंकोला की मां का निधन, पुणे के फ्लैट में मिली लाश; कटा हुआ था गला

घर में जबरन घुसने या डकैती के कोई संकेत नहीं मिले। लेकिन कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। मामले की सही तस्वीर के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। सलिल अंकोला ने 1989 से 1997 के बीच एक टेस्ट मैच और 20 वन डे क्रिकेट मैच खेले हैं। फास्ट-मीडियम बॉलर अंकोला ने बाद में फिल्मों और टीवी सीरियल्स में भी काम किया

अपडेटेड Oct 05, 2024 पर 1:58 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
77 वर्ष की माला अशोक अंकोला का शव दोपहर के वक्त डेक्कन जिमखाना में प्रभात रोड पर स्थित उनके फ्लैट में मिला।

पूर्व क्रिकेटर और एक्टर सलिल अंकोला (Salil Ankola) की मां माला अशोक अंकोला शुक्रवार, 4 अक्टूबर को अपने पुणे स्थित फ्लैट में मृत पाई गईं। उनका गला कटा हुआ था। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया चोट खुद पहुंचाई गई लगती है। हालांकि हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अधिकारी ने कहा कि 77 वर्ष की माला अशोक अंकोला का शव दोपहर के वक्त डेक्कन जिमखाना में प्रभात रोड पर स्थित उनके फ्लैट में मिला।

वह घर में अकेली थीं। जब उनकी डॉमेस्टिक हेल्प सुबह 11.30 फ्लैट पर आई और दरवाजा नहीं खुला तो उसने रिश्तेदारों को सूचना दी। बाद में एक दूसरी चाभी की मदद से अपार्टमेंट में घुसने पर माला अपने बेडरूम में निर्जीव अवस्था में पाई गईं। इसके बाद उन्हें पास के हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शव के पास मिला चाकू और स्क्रूड्राइवर


पुलिस रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके शव के पास एक चाकू और एक स्क्रूड्राइवर मिला है। घर में जबरन घुसने या डकैती के कोई संकेत नहीं मिले। लेकिन कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। इमारत के सीसीटीवी कैमरे चालू नहीं थे। बिल्डिंग के वॉचमैन ने सुबह 10.45 से लेकर 11.45 तक किसी भी अनजान व्यक्ति के बिल्डिंग में घुसने से इनकार किया है। इस टाइम फ्रेम में दूध, फूल और सब्जियों की डिलीवरी हुई थी और माला को आखिरी बार देखा गया था।

बेडरूम में कोर्ट की नो एंट्री, मैरिटल रेप पर अदालत के दखल से सरकार को गुरेज क्यों !

सभी एंगल से हो रही जांच

डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (जोन-1) संदीप सिंह गिल ने कहा, ‘‘जब दरवाजा खोला गया, तो महिला मृत मिलीं और उनका गला कटा हुआ था। प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि चोट खुद से पहुंचाई गई। हालांकि, हम सभी एंगल से मामले की जांच कर रहे हैं।’’ मामले की सही तस्वीर के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। गिल ने बताया कि माला किसी मानसिक समस्या से ग्रस्त थीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।