G20 Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक (Rishi Sunak) ने शनिवार को नई दिल्ली में जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन (G20 Leaders Summit) से इतर द्विपक्षीय बैठक के दौरान एक 'ऐतिहासिक' फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) की दिशा में तेजी से काम करना जारी रखने पर सहमति जताई। बैठक को लेकर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कार्यालय ‘10 डाउनिंग स्ट्रीट’ की ओर जारी एक बयान में कहा गया कि डिफेंस टेक्नोलॉजी, इनोवेशन के सेक्टर और वाणिज्य दूतावास संबधी कुछ मुद्दों पर सहयोग बैठक के एजेंडे में शामिल था।
बताया जाता है कि प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के तौर पर भारत की पहली यात्रा के दौरान सुनक को मिले 'गर्मजोशीपूर्ण स्वागत' का भी जिक्र किया। ‘डाउनिंग स्ट्रीट’ के प्रवक्ता ने कहा, 'नेताओं के बीच ब्रिटेन-भारत मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत के बारे में सार्थक बातचीत हुई।’
प्रवक्ता ने कहा, "प्रधानमंत्री ने एक ऐतिहासिक व्यापार समझौता करने की ब्रिटेन की महत्वाकांक्षा दोहराई, जिससे दोनों देशों में उद्योगों और कर्मियों को लाभ होगा और वस्तुओं और सेवाओं दोनों में हमारा व्यापार बढ़ेगा। दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि मंत्री और वार्ता दल एक FTA की दिशा में तेजी से काम करना जारी रखेंगे।"
शुक्रवार को यहां पहुंचे सुनक ने G20 शिखर सम्मेलन के पहले सत्र के बाद मोदी से बातचीत की। इससे पहले, जब कार्यक्रम स्थल पर मोदी ने उनका स्वागत किया, तो इसके जवाब में सुनक ने उन्हें नमस्ते किया।
मोदी ने बैठक के बाद सोशल मीडिया मंच X पर एक पोस्ट में कहा, "दिल्ली में G20 शिखर सम्मेलन के मौके पर प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से मिलकर बहुत अच्छा लगा। हमने व्यापार संबंधों को गहरा करने और निवेश को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा की।"
मोदी ने कहा कि भारत और ब्रिटेन एक समृद्ध और टिकाऊ ग्रह के लिए काम करते रहेंगे।
बताया जाता है कि सुनक ने इस साल जी20 में भारत की 'उत्कृष्ट अध्यक्षता' के लिए प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी, जिसके बारे में उन्होंने कहा कि इसने देश के ‘महत्वपूर्ण वैश्विक नेतृत्व और प्रभाव’ को प्रदर्शित किया है।
प्रवक्ता ने कहा, "दोनों नेताओं ने ब्रिटेन और भारत के बीच घनिष्ठ और बढ़ते संबंधों को उल्लेखित किया। दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि अतीत की प्रगति को आधार बनाते हुए भविष्य पर ध्यान केंद्रित करना, अत्याधुनिक रक्षा प्रौद्योगिकी, व्यापार और इनोवेशन में आधुनिक साझेदारी को मजबूत करना महत्वपूर्ण है। दोनों नेताओं ने वाणिज्यि दूतावास संबधी कई मुद्दों पर भी चर्चा की।"
डाउनिंग स्ट्रीट ने ये संकेत करते हुए कि ब्रिटेन के भारतीय मूल के नेता सुनक की निकट भविष्य में भारत की एक और यात्रा हो सकती है, कहा कि दोनों नेताओं ने ‘‘फिर से मिलने के अवसर को लेकर उत्सुकता जताई।"
प्रवक्ता ने कहा, "प्रधानमंत्री ने सफल जी20 शिखर सम्मेलन आयोजित करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को एक बार फिर बधाई दी।"