दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने अपना 2 सितंबर का आदेश वापस ले लिया है, जिसमें कहा गया था कि G20 शिखर सम्मेलन (G20 Summit) के चलते VVIP रूट और समिट वाले वेन्यू की ओर खुलने वाले कुछ मेट्रो स्टेशन के गेट 8 से 10 सितंबर तक बंद रहेंगे। दिल्ली पुलिस के नए आदेश के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट स्टेशन को छोड़कर सभी स्टेशनों पर आम दिनों की तरह ही ट्रेन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर ही सेवाएं प्रभावित होंगी।
G20 नेताओं का सम्मेलन राजधानी में 9 और 10 सितंबर को प्रगति मैदान (Pragati Maidan) के नवनिर्मित मंडपम इंटरनेशनल एक्जीबिशन कन्वेंशन सेंटर (Bharat Mandapam) में होने वाला है।
इससे पहले पुलिस और दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के बीच आधिकारिक बातचीत हुई थी, जिसके बाद बताया गया था कि G20 शिखर सम्मेलन को लेकर सुरक्षा इंतजाम को पुख्ता करने के लिए खान मार्केट के तीन, मोती बाग के दो और ITO मेट्रो स्टेशन के पांच दरवाजे समेत 20 से ज्यादा मेट्रो स्टेशनों के दरवाजों को बंद करना 'जरूरी' है।
दिल्ली पुलिस की तरफ से भेजे गए पत्र में कहा गया था, "जैसा कि आपको पता है कि G20 शिखर सम्मेलन जल्दी ही होने वाला है और हम सुरक्षा इंतजाम को पुख्ता करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। आगामी शिखर सम्मेलन के दौरान अचूक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए, यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि VVIP रूट, शिखर सम्मेलन स्थल, मेहमानों के ठहरने के स्थानों की ओर खुलने वाले मेट्रो स्टेशनों के गेट आठ से 10 सितंबर तक बंद रहें।"
इसमें ये भी बताया गया था कि अगर किसी पुलिस उपायुक्त या पुलिस मुख्यालय से गेट बंद करने का कोई अनुरोध मिलता है या कोई ऐसी स्थिति होती है, तो DMRC को तुरंत सूचित किया जाएगा।
समूह के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में भारत दिल्ली में शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, जिसमें 30 से ज्यादा राष्ट्राध्यक्षों और यूरोपीय संघ और आमंत्रित देशों के शीर्ष अधिकारियों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के 14 प्रमुखों के शामिल होने की संभावना है।
G20 समूह में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्किये, ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय संघ (EU) शामिल हैं।