पीएम मोदी ने बिरसा मुंडा की जयंती पर बिहार के जमुई से 6,640 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का अनावरण किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने आज शुक्रवार 15 नवंबर को बिहार के जमुई जिले से 6,640 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का अनावरण किया। मोदी बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आयोजित एक समारोह में भाग लेने के लिए जिले में आये थे। इस दिन को 'जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने मुंडा के सम्मान में एक स्मारक सिक्का और डाक टिकट का अनावरण किया। उन्होंने पीएम जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम-जनमन) के तहत आदिवासी परिवारों के लिए बनाए गए 11,000 घरों के 'गृह प्रवेश' में भी वर्चुअली भाग लिया।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पीएम द्वारा अनावरण की गई परियोजनाएं आदिवासी क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा और आजीविका सृजन में सुधार पर केंद्रित हैं। उन्होंने दूरदराज के आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य देखभाल की पहुंच बढ़ाने के लिए पीएम-जनमन के तहत 23 मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMUs) और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (DAJGUA) के तहत 30 अतिरिक्त MMUs लॉन्च किए।
10 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री ने उद्यमिता को बढ़ावा देने और आजीविका में सुधार लाने के उद्देश्य से 10 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों और 300 वन धन विकास केंद्रों का उद्घाटन किया।
उन्होंने आदिवासी समुदायों के इतिहास का दस्तावेजीकरण करने और उसे संरक्षित करने के लिए मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा और जबलपुर में दो जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संग्रहालय का उद्घाटन किया। इसके साथ ही श्रीनगर और गंगटोक में दो जनजातीय अनुसंधान संस्थानों का भी उद्घाटन किया।
100 बहुउद्देश्यीय केंद्रों की आधारशिला रखी
पीएम ने 500 किलोमीटर नई सड़कों और 100 बहुउद्देश्यीय केंद्रों की आधारशिला रखी। ये क्रेंद्र आदिवासी क्षेत्रों में सामुदायिक केंद्र के रूप में काम करेंगे।
उन्होंने पीएम-जनमन (PM-JANMAN) के तहत 25,000 नए घरों और DAJGUA के तहत 1.16 लाख घरों के साथ-साथ आदिवासी छात्रों के लिए 370 छात्रावासों की आधारशिला भी रखी।