राजापुर में बाबू अवसरे नामक किसान को 5 दर्जन हापुस आम की पेटी के लिए करीब 1 लाख 8 हजार रुपये मिले हैं। महाराष्ट्र के कोंकण इलाके के हापुस आम पूरे विश्व में पसंद किये जाते हैं। इस आम को पूरी दुनिया के बाजारों में सीधी बिक्री के लिए उपलब्ध कराकर किसानों को आधिकाधिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए ग्लोबल कोकण (Global Konkan) एवं मायको नामक देश के पहले डिजिटल मंच द्वारा पहल की गई है। जिसके तहत अवसरे को उनके आमों के लिए रिकॉर्ड कीमत मिली है।
कोंकण के आम के 10 बागबानों के मुहूर्त की आम की पेटी की नीलामी का कार्यक्रम मुंबई में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष प्रवीण दरेकर ने चार किसानों की मुहूर्त पेटियों को खरीदा जिसमें प्रत्येक पेटी के लिए 25 हजार रुपये का भुगतान किया गया। दूसरे व्यक्ति राजेश अथायडे ने 1 लाख 8 हजार में देकर आम खरीदें। नीलामी में कुल 3 लाख 10 हजार रुपये इकट्ठा हुए। इस रकम को सहभागी हुए किसानों में समान रूप से बांट दिया गया।
महाराष्ट्र टाइम्स की खबर के मुताबिक राजश्री यादवराव, सुप्रिया मराठे और सुनैना रावराणे नामक तीन महिला कारोबारियों ने मिलकर कोंकण के परिश्रमी किसानों को संगठित करके उनके द्वारा पैदा किये गये हापुस आमों को ब्रैंड बाजार में लाने के लिए मायको प्लेटफॉर्म का निर्माण किया।
इस प्लेटफॉर्म के जरिये प्राकृतिक रूप से पकाये गये खेत के असली हापुस आम ग्राहकों को सीधे उनके घर पर डिलीवरी करके मिलेंगे। प्रत्येक पेटी पर क्यूआर कोड (QR Code) द्वारा ग्राहकों को आम किस खेत में कहां और कब तैयार किये गये हैं, इसके लिए किसानों ने कितनी मेहनत की है। इसकी सारी जानकारी वीडियो के माध्यम से प्राप्त हो सकेगी।