Gujarat Accident: नवसारी में बस-कार की टक्कर में 9 की मौत, 30 घायल, PM मोदी ने की 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा

Gujarat Accident: नवसारी के पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश उपाध्याय ने बताया कि यह दुर्घटना जिले के वेस्मा गांव में तड़के 3.20 बजे हुई। हादसे के वक्त बस वलसाड जा रही थी, जबकि SUV सामने से आ रही थी

अपडेटेड Dec 31, 2022 पर 3:19 PM
Gujarat Accident: नवसारी में बस-कार की टक्कर में 9 की मौत, 30 घायल

Gujarat Accident: गुजरात (Gujarat) के नवसारी (Navsari) जिले में शनिवार तड़के नेशनल हाइवे पर डिवाइडर को तोड़ते हुए एक SUV कार सामने से आ रही लग्जरी बस से टकरा (SUV Bus Accident) गई। इस हादसे में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। नवसारी के पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश उपाध्याय ने बताया कि यह दुर्घटना जिले के वेस्मा गांव में तड़के 3.20 बजे हुई। हादसे के वक्त बस वलसाड जा रही थी, जबकि SUV सामने से आ रही थी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने हादसे पर शोक जताते हुए मरने वाले लोगों के परिजन को दो लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए का अनुदान देने की घोषणा की है।

उपाध्याय ने बताया, "मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर SUV के ड्राइवर ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद SUV डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी तरफ चली गई और लग्जरी बस से उसकी टक्कर हो गई।"


उपाध्याय के मुताबिक, हादसे में SUV में सवार नौ लोगों में से आठ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई बस यात्रियों को गंभीर चोट आई है। उन्होंने बताया कि हादसे में बस में सवार एक यात्री की मौत हो गई।

Rishabh Pant: ऋषभ पंत की जोट में अभी थोड़ा ज्यादा दर्द, लेकिन कर रहे हैं स्माइल, दिल्ली शिफ्ट करने पर DDCA के डायरेक्टर ने कही ये बात

उपाध्याय के अनुसार, SUV में यात्रा कर रहे लोग गुजरात के भरूच जिले के अंकलेश्वर के रहने वाले थे और वलसाड से अपने गृहनगर लौट रहे थे।

पुलिस ने बताया कि हादसे में 29 यात्री घायल हो गए हैं, जिनका नवसारी और पड़ोसी वलसाड शहर में उपचार किया जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस सड़क हादसे पर शोक जताया है।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने मोदी के हवाले से ट्वीट किया, "नावसरी में सड़क हादसे में लोगों की मौत से दुखी हूं। पीड़ित परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं। मुझे उम्मीद है कि घायल जल्दी ठीक हो जाएंगे। मरने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपए, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।