Get App

हरियाणा सरकार ने 24 मई तक बढ़ाया लॉकडाउन, गृह मंत्री बोले- राज्य में बढ़ेगी और अधिक सख्ती

हरियाणा में प्रतिदिन आने वाले नए मरीजों की संख्या 15,000 के पास थी जो अब घटकर 9,600 पर आ गई है

MoneyControl Newsअपडेटेड May 17, 2021 पर 10:51 AM
हरियाणा सरकार ने 24 मई तक बढ़ाया लॉकडाउन, गृह मंत्री बोले- राज्य में बढ़ेगी और अधिक सख्ती

हरियाणा सरकार ने रविवार को राज्य में कोरोना वायरस के प्रसार की रोकथाम के लिए लॉकडाउन (Haryana lockdown) को 24 मई तक बढ़ाने की घोषणा की। हरियाणा के गृह और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने महामारी अलर्ट को बढ़ाने संबंधी ट्वीट किया है। उन्होंने कहा है कि इस बार लॉकडाउन में और सख्ती बरती जाएगी।

अनिल विज (Haryana health minister Anil Vij) ने लॉकडाउन के बारे में ट्वीट किया, महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा 17 मई से 24 मई तक विस्तारित। उन्होंने कहा कि राज्य में सख्त पाबंदी लागू की जाएगी। अनिल विज ने पिछले रविवार को लॉकडाउन को 10 मई से बढ़ाकर 17 मई तक कर दिया था।

कोरोना वायरस की दूसरी लहर के दौरान हरियाणा सरकार ने सबसे पहले तीन मई से 10 मई तक एक सप्ताह के लिए लॉकडाउन लगाया था। नए आदेशों के अनुसार राज्य में अगले एक हफ्ते यानी की 17 मई से 24 मई तक लॉकडाउन की पाबंदियां लागू रहेंगी।

लॉकडाउन के तहत राज्य में शादी, अंतिम संस्कार में 11 से अधिक लोगों को इकट्ठा होने की अनुमति नहीं होगी। शादी घर पर या अदालत में हो सकती है और अधिकतम 11 लोग मौजूद रह सकते हैं।

इसके अलावा बारात ले जाने की अनुमति नहीं होगी। हरियाणा ने लॉकडाउन का उल्लेख महामारी अलर्ट, सुरक्षित हरियाणा के तौर पर किया है। विज ने कहा कि हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से कोरोना मरीजों की संख्या में गिरावट आ रही है। राज्य में सक्रिय मामले 1,16,000 के करीब थे जो अब घटकर 96,000 हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रतिदिन आने वाले नए मरीजों की संख्या 15,000 के पास थी जो अब घटकर 9,600 पर आ गई है। विज ने कहा कि हम केंद्र सरकार के लगातार संपर्क में हैं कि हमें ऑक्सीजन की मात्र और बढ़ाई जाए। हमने अपने ऑक्सीजन का ऑडिट करके केंद्र सरकार को भेजा है। अभी जो मिल रहा है हम उसमें अपना गुजारा कर रहे हैं लेकिन अगर हमें और बेड बढ़ाना है तो और ऑक्सीजन की जरूरत है।

पानीपत में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर मार्च से शुरू हुई। रोजाना 16 हजार केस एक दिन में भी आए। पिछली बार से पांच गुना केस बढ़े। इस लहर के बारे में ऐसा सोचा नहीं था। चूंकि पिछला अनुभव था। अस्‍पतालों ने पूरी ताकत के साथ अपना मोर्चा संभाला।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें