Haryana: हरियाणा के रोहतक (Rohtak) में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (Maharshi Dayanand University -MDU) परिसर में 4 छात्रों को गोली मार दी गई है। बताया जा रहा है कि यह घटना पैसों के लेन-देन के चलते हुई है। सभी घायलों को नजदीकी PGI में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक की हालत बेहद गंभीर है। उसके मुह के पास गोली लगी है। बाकी तीन को हाथ, पैर और पेट में गोली लगी है। यह घटना राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय के निकलने के कुछ देर बाद हुई है। बंडारू विश्वविद्यालय के फैकल्टी डेवलपमेंट सेंटर (Faculty development centre) का उद्घाटन करने आए थे।
पैसों के लेन-देन का विवाद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहतक के रहने वाले विजय ने अपने शिकायत पत्र में कहा है कि रोहतक के एक गांव के दीपक बनिवाल के साथ पैसों का विवाद था। बाद में उस पर 6.40 लाख रुपये बकाया हो गए। हमने दीपक को MDU कैंपस क अंदर बुलाया था। दीपक दो अन्य लोगों के साथ कैंपस के अंदर आया। दीपक ने सिर्फ 2 लाख रुपये देने के लिए कहा। हमने कहा कि कम से कम 4.40 लाख रुपये दो। उसने मना कर दिया और अपने एक सहयोगी के साथ फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें मेरे 4 दोस्त घायल हो गए हैं।
फायरिंग की इस वारदात में तीन लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद हमलावर भागने में सफल रहे। घायलों की पहचान हो गई है। जिसमें सुशील हुड्डा, कुलदीप हुड्डा दोनों लोग हरियाणा के सन गांव के रहने वाले हैं। वहीं दुलबधन और हरीश हैं जो कि खेड़ी आसरा गांव के रहने वाले हैं। घायलों में कुलदीप के मुंह के पास गोली लगी है। सुशील हुड्डा को हुड्डा परिवार का करीबी माना जाता है।