Weather Update: देश के कई हिस्सों में भारी बारिश (Heavy Rain) और बाढ़ (Flood) से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में भी लगातार बारिश से लोगों के हाल बेहाल हैं। इस बीच प्रदेश में फिर से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। भारतीय मौसम विभाग (India Meteorological Department -IMD) ने राज्य में बारिश को लेकर येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है। प्रदेश के कई जिलों में अगले 48 घंटों में तेज बारिश होने की आशंका जातई गई है।
मौसम विभाग ने बिलासपुर (Bilaspur), हमीरपुर (Hamirpur), शिमला (Shimla), कांगड़ा (Kangra), मंडी (Mandi) और कुल्लू (Kullu) जिलों के भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने राज्य के ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश और अचानक बाढ़ के लिए अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग हिमाचल प्रदेश के डिप्टी डायरेक्टर बुई लाल (Bui Lal) ने कहा कि पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश हुई। यह बारिश अभी जारी रह सकती है। उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान कांगड़ा के नागरोटा सुरिया (Nagrota Suriyan) में 97.8 मिमी बारिश हुई है। इसी तरह ऊना में 50.9 मिमी और पालमपुर में 50.4 मिमी बारिश हुई है। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में 6 सितंबर तक पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव रहने की संभावना के चलते भारी वर्षा होने का अनुमान है। राज्य में भारी बारिश के चलते पहले ही काफी नुकसान हो चुका है।
खनियारा गांव में बाढ़ से तबाही
राज्य में भारी बारिश के चलते धर्मशाला के खनियारा (Khanyara) गांव में अचानक बाढ़ आ गई। इससे इलाके के सामान्य जन जीवन प्रभावित हुआ है। कई घर और दुकानें तबाह हो गईं। वहीं सीनियर अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेने गांव पहुंच गए हैं। गांव में आई बाढ़ से नाले लबालब हो गए। कई दुकानें बह गईं। इतना ही नहीं बिजली का ट्रांसफार्मर भी बारिश की चपेट में आ गया है और यह खराब हो गया है। जिससे इलाके की बत्ती गुल हो गई है। कई घरों में मलबा जम गया है। एक स्थानीय नागरिक ने बताया कि अभी नुकसान का आकलन किया जा रहा है। लेकिन हमें यकीन है भारी भरकम नुकसान हुआ है।