Get App

गांवों में संक्रमण रोकने के लिए घर-घर टेस्टिंग पर जोर, ग्रामीण इलाकों के लिए गाइडलाइन जारी

देश में एक बार फिर कोरोना संक्रमितों की संख्या घटने से राहत है, लेकिन 24 घंटे में फिर 4 हजार से अधिक लोगों की जान चली गई है

MoneyControl Newsअपडेटेड May 17, 2021 पर 9:51 AM
गांवों में संक्रमण रोकने के लिए घर-घर टेस्टिंग पर जोर, ग्रामीण इलाकों के लिए गाइडलाइन जारी

केंद्र सरकार ने रविवार को ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना वायरस महामारी के प्रसार के मद्देनजर नए गाइडलाइन जारी किए। सरकार ने बताया कि अब धीरे-धीरे पेरी-अर्बन, ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में भी कोरोना का फैलाव देखा जा रहा है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी गाइडलाइन में कहा गया है कि इन क्षेत्रों में कोविड -19 के खिलाफ जंग को तेज करने के लिए समुदायों को सक्षम करने और सभी स्तरों पर प्राथमिक स्तर के स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की आवश्यकता है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के गाइडलाइंस में आगे कहा गया है कि हर गांव में, ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता और पोषण समिति (VHSNC) की मदद से आशा द्वारा समय-समय पर इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी/गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण (ILI/SARI) के लिए सक्रिय निगरानी की जानी चाहिए। इसमें यह भी कहा गया है कि सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) को रैपिड एंटीजन टेस्टिंग (RAT) करने के लिए प्रशिक्षित किया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांवों में कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देख घर-घर टेस्टिंग और सर्विलांस पर जोर दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने उच्च संक्रमण वाले क्षेत्रों में भी टेस्टिंग बढ़ाने की जरूरत बताई है। शनिवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कई अहम निर्देश दिए। इस दौरान अफसरों ने उन्हें कोरोना संक्रमण रोकने के उपायों और वैक्सीनेशन के आंकड़ों के बारे में भी जानकारी दी।

देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में जारी गिरावट के बीच पिछले 24 घंटो के दौरान 3,11,170 नये मामले सामने आए हैं और इस महामारी से 4,077 लोगों की मौत हो गई है। देश में इस दौरान 3,62,437 लोगों ने इस महामारी को मात दी है। देश में अब तक 18 करोड़ 22 लाख 20 हजार 164 लोगों का वैक्सीनेशन किया जा चुका है। पिछले 24 घंटों में तीन लाख 62 हजार 437 मरीज स्वस्थ हुए हैं, जिसे मिलाकर अब तक दो करोड़ 07 लाख 95 हजार 335 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं।

इस दौरान 3,26,098 नए मामले आने के साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर दो करोड़ 43 लाख 72 हजार 907 हो गया। सक्रिय मामले 31,091 कम होकर 36 लाख 73 हजार 802 हो गए हैं। इसी दौरान 4,077 मरीज अपनी जान गंवा बैठे और इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,70,284 हो गई है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें