Heatwave Alert: दिल्ली समेत इन राज्यों में 20 जून तक भीषण गर्मी, यहां होगी झमाझम बारिश

Weather Forecast: देश के कई राज्य भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। 18 जून को उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में लू से लेकर भीषण लू चलने की आशंका जताई गई है। वहीं दिल्ली में 19 और 20 जून को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मुंबई में 19 जून से तेज बारिश शुरू हो जाएगी

अपडेटेड Jun 18, 2024 पर 9:08 AM
Story continues below Advertisement
Weather Forecast: दिल्ली में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जल्द ही मौसम में बदलाव आने की उम्मीद है।

देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में हीटवेव और तापमान में बढ़ोतरी लोगों को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई शहरों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है। कूलर-पंखे फेल होने के बाद अब एसी भी कभी-कभी इस प्रचंड गर्मी के आगे हार मान लेता है। 18 जून से 19 जून तक उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने की आशंका जताई गई है। वहीं आज (18 जून) पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में लू चल सकती है। 17 जून को प्रयागराज में अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस और उच्च हिमालय में स्थित नुब्रा में 26.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होने का अनुमान लगाया है। इसके बाद तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है। हालांकि, मध्य और पूर्वी भारत अगले तीन दिनों तक उच्च तापमान से जूझता रहेगा और उसके बाद कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

दिल्ली में मौसम का हाल


दिल्लीवालों को भीषण गर्मी से जल्द ही राहत मिल सकती है। मौसम विभाग की मानें तो 19 और 20 जून को बूंदाबांदी हो सकती है। 45 डिग्री के तापमान मे झुलस रहे राजधानी के लोगों को अब मानसून का इंतजार है। आज हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अधिकतम तापमान 45 तो न्यूनतम तापमान 34 डिग्री रहेगा। 19 और 20 को हल्की बूंदाबांदी के बावजूद अधिकतम तापमान 43 डिग्री पर रहेगा। 21 से 23 जून तक तेज हवाएं चलेंगी और आसमान में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। इस बीच अधिकतम तापमान 43 तो वहीं न्यूनतम तापमान 33 डिग्री रहने का अनुमान है।

बिहार-झारखंड का मौसम

वहीं अगले 2 दिनों के दौरान गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा में गरज के सात हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही 20 और 21 जून, 2024 को ओडिशा में कुछ जगहों पर भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

पंजाब हरियाणा भी झुलस रहे

पंजाब और हरियाणा की बात करें तो यहां भी 18 से 21 जून तक लू का येलो और ऑरेंज अलर्ट है। इस दौरान यहां भी गरज चमक की संभावना है। मौसम विभाग ने इस बीच तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई है।

इन राज्यों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 5 दिनों के दौरान गुजरात राज्य, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में गरज के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। 18 से 21 जून के दौरान कोंकण और गोवा और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में और गुजरात में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। मुंबई में 19 जून से बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। कर्नाटक, केरल और माहे, लक्षद्वीप में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बूंदाबांदी हो सकती है।

Heatwave in North India: उत्तर भारत के कई शहरों में आसमान से बरस रही है आग, UP में रेड अलर्ट जारी

MoneyControl News

MoneyControl News

First Published: Jun 18, 2024 9:03 AM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।