उत्तर प्रदेश के आसामान से आग के गोले बरस रहे हैं। सूबे के कई शहर धधक रहे हैं। कई शहरों का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। हीटवेव के प्रकोप की वजह से दिन के साथ ही रात में भी गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, 19 जून तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, बिहार और उत्तर प्रदेश में लू चलने की आशंका जताई गई है। वहीं 18 जून तक हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, झारखंड और जम्मू के कुछ हिस्सों में हीटवेव का सितम जारी रहने के आसार हैं।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में लोग भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। पिछले 10 दिनों में 5वीं बार सबसे ज्यादा गर्मी पड़ी। शहर का तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। शहर में 14 जून को तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया थ। प्रयागराज और झांसी में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। झांसी में तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
उत्तर प्रदेश के इन शहरों में भीषण गर्मी
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में 46 डिग्री, कानपुर और वाराणसी में 46.8 डिग्री, हमीरपुर में 46.2 डिग्री, आगरा ताज में 46.5 डिग्री, फतेहपुर में 46.2 डिग्री और सुल्तानपुर में 46.4 तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के लोगों को अभी 2-3 दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार बेहद कम हैं। जून महीने में लखनऊ में 45.6 डिग्री सेल्सियस तापमानपहुंच गया। यह बढ़ा हुआ यह तापमान पिछले 8 सालों में जून महीने सबसे ज्यादा तापमान रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के आसार हैं। इस साल 31 मई को सबसे ज्यादा गर्म दिन रहा। इस दिन तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
उत्तर प्रदेश के इन जिलों में लू का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने की आशंका जताई है। बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संतरविदास नगर, जौनपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर और रायबरेली में भीषण लू का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर. महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाकों में लू (हीट वेव) से लेकर तीव्र लू (हीट वेव) चलने की आशंका जताई गई है।
दिल्ली में प्रचंड गर्मी का कहर जारी है। मौसम विभाग ने 19 जून तक दिल्ली में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि, 20 जून से दिल्ली का मौसम बदल सकता है। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। IMD के मुताबिक, इस पूरे हफ्ते दिल्ली का अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
स्काइमेट वेदर के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान, विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश, ओडिशा, दक्षिण और पूर्वी गुजरात के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, केरल, लक्षद्वीप, कोंकण और गोवा और मध्य महाराष्ट्र में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है।