Weather Updates: महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश में बारिश, दिल्ली समेत 16 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी

Weather Forecast: मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा और अन्य इलाकों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने का पूर्वानुमान लगाया है। वहीं उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, बिहार और हरियाणा के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में 18 जून के बाद हीटवेव से राहत मिलने की उम्मीद है। असम, मेघालय और ओडिशा समेत कई राज्यों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है

अपडेटेड Jun 16, 2024 पर 10:08 AM
Story continues below Advertisement
Weather Forecast: मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए दिल्ली में प्रचंड गर्मी और लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

देश के कई इलाकों में मौसम का मिजाज काफी बिगड़ा हुआ नजर आ रहा है। कहीं बारिश तो कहीं भीषण गर्मी से लोगों के हाल बेहाल हैं। उत्तर भारत के सभी राज्य लू की मार झेल रहे हैं। लोग बेसब्री से पानी की बूंदों का इंतजार कर रहे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक बार फिर कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी कर लोगों की टेंशन बढ़ा दी है। चिलचिलाती गर्मी से अभी लोगों को राहत मिलने के आसार बेहद कम हैं। अगले तीन दिनों के लिए दिल्ली में भीषण गर्मी और हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

वहीं मौसम विभाग ने दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की संभावना जताई है। जिससे महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 16 जून को उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू चलने का रेड अलर्ट भी जारी किया है। इसके अलावा दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में लू के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली में मौसम का हाल


दिल्ली में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। यहां लोगों को खतरनाक लू का सामना करना पड़ रहा है। अभी तक एक दिन भी ऐसा नहीं रहा है, जब पारा 40 डिग्री से नीचे आया हो। ज्यादातर दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से छह डिग्री तक ज्यादा रहा है। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में सुबह से शाम के 6 बजे तक लोगों को गर्म हवा के थपेड़ों का सामना करना पड़ता है। आज यानी 16 जून को दिल्ली में मौसम साफ रहेगा। अगले तीन दिनों के लिए "ऑरेंज" अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।

उत्तर प्रदेश में 18 जून तक भीषण गर्मी

उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में 15 जून से 18 जून तक लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। बुलंदशहर, वाराणसी, जालौन, हमीरपुर, ललितपुर, सोनभद्र, कानपुर देहात, मथुरा और आगरा जैसे जिले रेड अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली के कुछ इलाकों में भी 15 से 17 जून के बीच भीषण गर्मी पड़ सकती है। ऐसा नहीं है कि सिर्फ हीटवेव का असर मैदानी इलाकों पर है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे राज्यों में भी हीटवेव चलने वाली है। आईएमडी के मुताबिक, ओडिशा, जम्मू, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।

इन राज्यों में भारी बारिश की आशंका

मानसून का असर सबसे ज्यादा उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी राज्यों में देखने को मिल रहा है। मेघालय में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। पश्चिम बंगाल के हिमालयी हिस्से, सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम जैसे पूर्वोत्तर के राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, मराठवाड़ा और तेलंगाना में भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी मधय प्रदेश के कुछ हिस्सों में तूफान, बिजली चमकने और ओला गिर सकते हैं। पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, आंतरिक कर्नाटक में बिजली चमकने के साथ 40-50 किमी प्रतिघंटा से हवाएं चल सकती हैं।

Delhi Heatwave: दिल्ली में चिलचिलाती गर्मी से नहीं मिली राहत, अगले तीन दिनों के लिए ‘ओरेंज’ एलर्ट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।