राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्यस रहा, जो सामान्य से छह डिग्री ज्यादा है। इस तरह यहां लोगों को चिलचिलाती गर्मी से कोई राहत नहीं मिली। अधिकारियों ने ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आया नगर मौसम केंद्र में 46 डिग्री और पालम मौसम केंद्र में 44 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि रविवार को भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। रविवार को आसमान साफ रह सकता है और लू चलते रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में अगले तीन दिन ‘ओरेंज ’ अलर्ट (Orange Alert) रहेगा। अधिकतम 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
हरियाणा और पंजाब भी भीषण गर्मी की चपेट में
पंजाब और हरियाणा में शनिवार को भी भीषण गर्मी से कोई राहत नहीं मिली। पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर में अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ भी भीषण गर्मी की चपेट में है, जहां अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब के गुरदासपुर में अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अमृतसर में 44.4, लुधियाना में 44.3, पटियाला में 45.1 और पठानकोट में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पड़ोसी राज्य हरियाणा के नूंह में अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रोहतक और सिरसा में अधिकतम तापमान क्रमश: 45.3 और 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, गुरुग्राम में अधिकतम पारा 44.1 डिग्री और फरीदाबाद में 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।