Heatwave Alert: पश्चिम बंगाल, ओडिशा समेत इन राज्यों में 'लू' की चेतावनी, IMD ने जारी किया अलर्ट

Heatwave Alert: पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी भारत के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से ज्यादा दिनों तक लू चलने की भी आशंका है। IMD के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के मैदानी भागों के अलग-अलग हिस्सों में सोमवार 17 अप्रैल तक, उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा में शनिवार 15 अप्रैल तक और बिहार में शनिवार से सोमवार (15 से 17 अप्रैल) तक लू चलने की संभावना है

अपडेटेड Apr 13, 2023 पर 4:34 PM
Heatwave Alert: पश्चिम बंगाल, ओडिशा समेत इन राज्यों में 'लू' की चेतावनी

Heatwave Alert: पश्चिम बंगाल (West Bengal) के मैदानी हिस्से, ओडिशा (Odisha), आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) और बिहार (Bihar) के कुछ हिस्सों में अगले तीन से चार दिनों तक ‘लू’ (Heatwave) की स्थिति रह सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बृहस्पतिवार को ये पूर्वानुमान जारी किया है। इससे पहले, अप्रैल की शुरुआत में मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम के कुछ हिस्सों और प्रायद्वीपीय क्षेत्रों को छोड़कर देश के ज्यादातर हिस्सों में अप्रैल से जून तक अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने का पूर्वानुमान जताया था।

इस अ‍वधि में मध्य, पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी भारत के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से ज्यादा दिनों तक लू चलने की भी आशंका है। IMD के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के मैदानी भागों के अलग-अलग हिस्सों में सोमवार 17 अप्रैल तक, उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा में शनिवार 15 अप्रैल तक और बिहार में शनिवार से सोमवार (15 से 17 अप्रैल) तक लू चलने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, मध्य और उत्तर प्रायद्वीपीय भारत में मौजूदा समय में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह रहा है।


विभाग ने कहा कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के कई हिस्सों और पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और केरल में अधिकतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया जा रहा है।

अंबेडकर जयंती के अवसर पर मुंबई में इन जगहों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

‘लू’ की स्थिति होने की घोषणा तब की जाती है, जब मैदानी इलाकों में किसी स्थान पर अधिकतम तापमान बढ़ कर कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस, तटीय क्षेत्रों में कम से कम 37 डिग्री सेल्सियस और पर्वतीय इलाकों में कम से कम 30 डिग्री सेल्सियस तक चला जाता है, या फिर सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक हो जाता है।

साल 2023 में, भारत में फरवरी का महीना 1901 के बाद से इस माह (फरवरी) का सबसे गर्म महीना रहा था। हालांकि, मार्च में सामान्य या उससे अधिक बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली।

मार्च 2022 ज्ञात मौसम इतिहास का सबसे गर्म महीना रहा था और पिछले 121 सालों में तीसरा सबसे शुष्क महीना था। उस साल अप्रैल महीना भी, 1901 के बाद से तीसरा सबसे गर्म अप्रैल महीना रहा था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।