Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश से नहीं टला अभी खतरा! मौसम विभाग ने दी 22 से 24 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी

Himachal Pradesh Weather: हालांकि, राज्य में मानसून कमजोर हो रहा है। मौसम विभाग की तरफ से कहा गया है कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में रविवार को हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने चंबा और मंडी जिलों के कैचमेंट एरिया में अचानक बाढ़ के मध्यम खतरे की भी चेतावनी दी और 26 अगस्त तक बारिश की भविष्यवाणी की

अपडेटेड Aug 20, 2023 पर 10:55 PM
Himachal Pradesh Weather: मौसम विभाग ने दी 22 से 24 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी

Himachal Pradesh Weather: शिमला (Shimla) में मौसम कार्यालय ने हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में 22-24 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश (Heavy Rains) के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' (Orange Alert) और 21 अगस्त को भारी बारिश के लिए 'येलो अलर्ट' (Yellow Alert) जारी किया है। हालांकि, राज्य में मानसून कमजोर हो रहा है। मौसम विभाग की तरफ से कहा गया है कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में रविवार को हल्की बारिश हुई।

मौसम विभाग ने चंबा और मंडी जिलों के कैचमेंट एरिया में अचानक बाढ़ के मध्यम खतरे की भी चेतावनी दी और 26 अगस्त तक बारिश की भविष्यवाणी की।

मौसम कार्यालय ने कहा कि भारी बारिश के कारण भूस्खलन, अचानक बाढ़ और नदियों और नालों में जल स्तर में बढ़ोतरी हो सकती है, इसके अलावा खड़ी फसलों, फलों के पौधों और युवा पौधों को नुकसान हो सकता है।


केंद्र से 200 करोड़ के राहत पैकेज को मंजूरी

वहीं केंद्र ने हिमाचल प्रदेश को अग्रिम सहायता प्रदान करने की कोशिश में नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फंड से 200 करोड़ रुपए जारी करने की मंजूरी दे दी है। राज्य लगातार मौसमी आपदा की मार झेल रहा है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र ने पहले 10 और 17 जुलाई को दो किस्तों में स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फंड के केंद्रीय हिस्से से 360.80 करोड़ रुपए के एडवांस रिलीज को मंजूरी दी थी।

प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र सरकार ने 7 अगस्त को राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (NDRF) से राज्य के पिछले बकाया का 189.27 करोड़ रुपए भी जारी किया।

एक प्रवक्ता ने कहा कि गृह मंत्रालय ने हिमाचल प्रदेश सरकार को मौजूदा मानसून सीजन के दौरान प्रभावित लोगों के लिए राहत उपाय करने में मदद करने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष से अग्रिम राशि के रूप में 200 करोड़ रुपए जारी करने की मंजूरी दे दी है। केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश में स्थिति पर चौबीसों घंटे नजर रख रही है और स्थिति से कुशलतापूर्वक निपटने के लिए राज्य सरकार को आवश्यक रसद और वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में बस दुर्घटनाग्रस्त, गुजरात से आए 7 श्रद्धालुओं की मौत

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, "केंद्र सरकार के राहत मैनुअल के मुताबिक, अगर कोई घर क्षतिग्रस्त होता है, तो 5,000 रुपए मिलते हैं और अगर कोई सड़क (1 किमी) क्षतिग्रस्त होती है तो 1,25,000 रुपए मिलते हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "मैंने केंद्र सरकार की राहत नियमावली में बदलाव की मांग की है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विशेष पैकेज की बात कही है। देखते हैं कि ये हमें कब मिलता है।"

इससे पहले दिन में, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राज्य में भारी बारिश और बाढ़ से हुई तबाही का जायजा लेने के लिए हिमाचल प्रदेश का दौरा किया।

प्राकृतिक आपदा के चलते अब तक 16 शव बरामद किए जा चुके हैं और चार लापता शवों की बरामदगी के लिए आगे का अभियान जारी है। इस मानसून में हिमाचल प्रदेश के सभी 12 जिले बारिश, बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने से प्रभावित हुए। आंकड़ों के अनुसार, राज्य पिछले हफ्ते 25 भूस्खलन और एक बादल फटने की घटना से भी प्रभावित हुआ।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।