केंद्र सरकार ने देश की जलवायु प्रतिबद्धताओं को ध्यान में रखते हुए हरित एवं टिकाऊ इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की मदद के लिए एशियाई विकास बैंक (ADB) के साथ 50 करोड़ डॉलर (लगभग 4,250 करोड़ रुपये) के लोन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए हैं। इस सिलसिले में वित्त मंत्रालय की तरफ से 23 दिसंबर को जारी बयान में कहा गया कि ADB का यह कर्ज सरकारी उद्यम इंडिया इन्फ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस कंपनी लिमिटेड (IIFCL) को गारंटी के साथ दिया जाएगा।
इस लोन एग्रीमेंट पर वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग की संयुक्त सचिव जूही मुखर्जी और ADB के डायरेक्टर (भारत) मियो ओका ने हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर ओका ने कहा, 'एडीबी की इस फाइनेसिंग से IIFCL को अपनी पहुंच बढ़ाने और ऊर्जा में बदलाव के साथ-साथ शहरी परियोजनाओं व शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने वाली बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए लॉन्ग टर्म कैपिटल हासिल करने में मदद मिलेगी।'
एशियाई विकास बैंक के कुल 69 सदस्य हैं, जिनमें से 49 एशिया और प्रशांत क्षेत्र से तथा 20 बाहर से हैं। इस बैंक का मकसद सतत आर्थिक विकास , समावेशी विकास और क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देना है। साथ ही, यह गरीबी उन्मूलन, जीवन की गुणवत्ता में सुधार और पर्यावरणीय स्थिरता पर ध्यान केन्द्रित करने के मकसद से भी काम करता है।