29 अमेरिकी उत्पादों पर जवाबी टैरिफ लगा सकता है भारत

इससे पहले सरकार इसे लागू करने की समयसीमा को कई बार बढ़ा चुकी है।

अपडेटेड Jun 14, 2019 पर 4:12 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

इंटरनेशनल ट्रेड वॉर और गंभीर होने की स्थिति में दिख रहा है। CNBC-TV18 की खबर के मुताबिक, भारत 29 अमेरिकी उत्पादों पर जवाबी टैरिफ लगा सकता है।

दरअसल, खबर है कि भारत सरकार ने बादाम, अखरोट और दालों समेत 29 अमेरिकी वस्तुओं पर जवाबी टैरिफ लगाने के फैसले पर आगे बढ़ने का निर्णय किया है। इससे पहले सरकार इसे लागू करने की समयसीमा को कई बार बढ़ा चुकी है।

पिछले साल मई में मंत्रालय ने इन अमेरिकी उत्पादों पर ऊंचा टैरिफ लगाने की समयसीमा को बढ़ाकर 16 जून कर दिया था। जून, 2018 के बाद से इस समयसीमा को कई बार आगे खिसकाया जा चुका है।

भारत ने जवाबी कदम उठाते हुए अमेरिकी उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाने का फैसला किया है। अमेरिका ने भारत से आयात किए जाने वाले कुछ स्टील और एल्युमीनियम उत्पादों पर टैरिफ बढ़ा दिया था।

सरकार कई उत्पादों पर हाई टैरिफ लगाने की अधिसूचना जारी करेगी। इसमें अखरोट पर टैरिफ 30 से बढ़ाकर 120 प्रतिशत किया जाना है। इसी तरह काबुली चना, चना और मसूर दाल पर टैरिफ 70 प्रतिशत किया जाना है जो अभी 30 प्रतिशत है। अन्य दालों पर टैरिफ को 40 प्रतिशत किया जाएगा।

वित्त वर्ष 2017-18 में भारत का अमेरिका को निर्यात 47.9 अरब डॉलर था जबकि आयात 26.7 अरब डॉलर का हुआ था। इस तरह व्यापार संतुलन भारत के पक्ष में रहा था।


हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।