कोरोना वायरस महामारी की रोकथाम के मद्देनजर भारत रूसी वैक्सीन Sputnik V की 30 करोड़ डोज बनाने की तैयारी कर रहा है। भारत अगले साल 2021 में रूसी कोरोना वैक्सीन Sputnik V की 30 करोड़ डोज का उत्पादन करेगा। इसकी जानकारी रूसी डायरेक्ट इनवेस्टमेंट फंड (Russian Direct Investment Fund, RDIF) के CEO किरिल दिमित्रिव (Kirill Dmitriev) ने दी है। दिमित्रिव (Kirill Dmitriev) ने कहा कि भारत 2021 में रूसी Sputnik V कोरोना वायरस वैक्सीन की लगभग 30 करोड़ (300 million) खुराक का उत्पादन करेगा। इसके लिए रूस ने भारत की चार प्रमुख वैक्सीन निर्माता कंपनियों से बातचीत भी कर ली है।
बता दें कि वैक्सीन की सफलता की घोषणा के समय ही रूस ने कहा था कि वह अपनी वैक्सीन का निर्माण भारत में करेगा। कोरोना वायरस के खिलाफ रूस द्वारा विकसित Sputnik V वैक्सीन 95 फीसदी से ज्यादा असरदार पाया गया है। किरिल दिमित्रिव ने पिछले दिनों इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि उनका वैक्सीन केवल असरदार ही नहीं बल्कि दुनिया के सबसे किफायती टीकों में शामिल है। गमालेया नेशनल रिसर्च सेंटर ऑफ एपिडेमियोलॉजी एंड माइक्रोबायोलॉजी तथा आरडीआईएफ ने Sputnik V वैक्सीन को विकसित किया है।
Sputnik V को दो से 8 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच रखा जा सकता है। इससे इसे आसानी से कहीं भी पहुंचाया जा सकता है। दिमित्रिव ने कहा कि वैक्सीन 95 से ज्यादा असरदार रहा है। यह केवल रूस के लिए ही नहीं बल्कि समूची दुनिया के लिए खुशखबरी है। भारत के लिए भी यह अच्छी खबर है क्योंकि दवा कंपनी डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेटरीज Sputnik V वैक्सीन के ट्रायल और इसके वितरण की दिशा में भी काम कर रही है।
दिमित्रिव ने कहा कि जिन देशों में ट्रायल हुआ है, वहां के नियामकों के साथ बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि रूस और अन्य देशों में 42,000 लोगों पर ट्रायल किया गया। दिमित्रिव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में भी ट्रायल के आंकड़ों को प्रकशित किया जाएगा। इसे बनाने वाली कंपनी गामलेया रिसर्च सेंटर फॉर एपिडेमियोलॉजी एंड माइक्रोबायोलॉजी ने दावा किया है कि वैक्सीन ने कोरोना वायरस के गंभीर मामलों के खिलाफ 100 फीसदी प्रभावकारिता दिखाई है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
