IndiGo flight 6E-2131: समाचार एजेंसी एएनआई (news agency ANI) ने शुक्रवार को ट्वीट किया कि विमान में एक संदिग्ध चिंगारी के बाद इंडिगो (IndiGo) की एक उड़ान को दिल्ली हवाई अड्डे पर रोक दिया गया। इंडिगो की फ्लाइट 6E-2131 (IndiGo flight 6E-2131) को दिल्ली से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरनी थी। वहीं इंडिगो ने एक बयान में कहा कि दिल्ली से बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट 6E2131 में टेक-ऑफ रोल के दौरान तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा। जिसके तुरंत बाद पायलट ने टेक-ऑफ को रोक दिया और विमान रनवे से लौट आया। इस तरह समय रहते और तत्काल फ्लाइट को रोकने का निर्णय लेने से एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। सूत्रों के अनुसार कंट्रोल रूम को इंडिगो के विमान के इंजन से चिंगारी निकलने की सूचना मिली थी जिसके बाद इसे तुरंत रोक दिया गया।
एयरलाइन ने कहा, "सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित हैं और उड़ान के संचालन के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की जा रही है। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है।"
इस मामले पर जानकारी देते हुए दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि हवाई अड्डे के कंट्रोल रूम को सीआईएसएफ नियंत्रण कक्ष (CISF control room) से इंडिगो विमान के इंजन में से चिंगारी निकलने की सूचना मिली। इसके तुरंत बाद विमान को उड़ने से रोक दिया गया। उस समय विमान में 177 यात्री और चालक दल के सात सदस्य सवार थे। बाद में यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया।
सूत्रों के अनुसार एक स्पाइसजेट विमान (SpiceJet plane) के पायलट जो लाइनअप में इंडिगो विमान के पीछे था। जब वह इंडिगो विमान के पीछे अपना विमान जमीन पर चला रहा था। उस समय उसे इंडिगो के विमान में चिंगारी दिखी जिसके बाद उसने एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को इंजन में आग लगने की सूचना दी।